कोडरमा (KODERMA): जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है. यहां प्रेमिका से मिलने आधी रात को पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने युवती के घर में पकड़ लिया. दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद ग्रामीणों ने परिजनों की मौजूदगी में तुरंत शादी करा दी. हालांकि मामला शादी तक सीमित नहीं रहा और बाद में पुलिस भी पूरे घटनाक्रम में शामिल हो गई.
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार देर रात की है. बताया जा रहा है कि युवती के परिवार के सभी सदस्य इलाज के सिलसिले में कोडरमा गए हुए थे, जबकि युवती घर में अकेली थी. इसी दौरान चलकुशा थाना क्षेत्र निवासी दिनेश यादव चुपके से उससे मिलने उसके घर पहुंच गया. ग्रामीणों के मुताबिक दोनों के बीच पिछले करीब एक साल से प्रेम संबंध चल रहा था. देर रात युवक के घर में होने की भनक गांव के लोगों को लग गई. इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दोनों को कथित रूप से आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया.
घटना की सूचना युवती के पिता को भी दी गई. पिता के घर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के लोगों के बीच बातचीत हुई. काफी देर तक चले विवाद और पंचायत के बाद ग्रामीणों ने मौके पर ही दोनों की शादी करा दी. शादी के दौरान गांव के कई लोग मौजूद रहे. बताया जा रहा है कि शादी के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. इधर युवती ने थाना में आवेदन देकर बताया कि उसका और दिनेश यादव का पिछले एक साल से प्रेम संबंध था और दोनों अपनी मर्जी से मिलते थे.
युवती ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद कुछ लोग मौके पर पहुंचे और प्रेम विवाह का विरोध करते हुए धमकी देने लगे. इसके बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शादी दोनों की सहमति से हुई या दबाव में कराई गई. वहीं गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. प्रेम संबंध, पंचायत और पुलिस कार्रवाई से जुड़ा यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.