टीएनपी डेस्क(TNP DESK): भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 देशों की यात्रा पर शुक्रवार को नई दिल्ली से रवाना हुए. सबसे पहले वे जापान पहुंचे. हिरोशिमा में उनका भव्य स्वागत किया गया. बड़ी संख्या में भारतीय उन्हें देखने के लिए हिरोशिमा एयरपोर्ट के बाहर खड़ा रहे. दरअसल, पीएम नरेंद्र मोदी हिरोशिमा में G-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने गए हैं. भारत समूह का सदस्य नहीं है लेकिन जापान ने भारत को भागीदार देश के रूप में आमंत्रित किया है. यह सभी सात देश विकसित देश हैं जिसमें अमेरिका, जापान, इंग्लैंड, फ्रांस, जर्मनी,कनाडा और इटली शामिल हैं.
नरेंद्र मोदी ने निमंत्रण के लिए जापान के पीएम के प्रति जताया आभार
औद्योगिक रूप से विकसित 7 देशों के इस समूह को जापान आयोजित कर रहा है. होस्ट कंट्री के द्वारा किसी देश को भागीदार के रूप में शामिल किया जा सकता है. जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने भारत को इस शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस निमंत्रण के लिए जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के प्रति आभार जताया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान में अपनी यात्रा के दौरान हिरोशिमा में जी-7 की बैठक में हिस्सा ले रहे हैं. अपनी इस यात्रा के दौरान उन्होंने हिरोशिमा पीस मेमोरियल पार्क में जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की. परमाणु हमले की वजह से हिरोशिमा में 70000 लोगों की मौत हुई थी.अमेरिका ने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान जापान पर हमला किया था.
नरेंद्र मोदी ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति से भी मुलाकात की
जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के साथ बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और जापान के बीच मजबूत रिश्तो की चर्चा की. उन्होंने कहा कि जापान और भारत के बीच आर्थिक सांस्कृतिक संबंध बहुत पुराने हैं. इस रिश्ते को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा हुई. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि जापान के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा बहुत यादगार रही है. हिरोशिमा में अपने प्रवास के दौरान पीएम मोदी ने महात्मा गांधी की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति से भी मुलाकात की और वार्ता की.