टीएनपी डेस्क (TNP DESK): प्यार में हद पार करने वाले एक से एक किस्से आपने सुने होंगे. पर कभी-कभी यही प्यार लोगों के जान का भी दुश्मन बन जाता है. ऐसा ही एक चौकने वाला मामला सामने आया है जहां पहले तो ANM महिला ने प्रेमी डॉक्टर के साथ उसके क्वार्टर में चार दिन बिताए और फिर उसी के घर पर ये खौफनाक कदम भी उठा लिया.
मामला राजस्थान के उदयपुर जिले से जुड़ा है, जहां एएनएम (ऑक्सिलरी नर्स मिडवाइफ) ने कथित तौर पर अपने प्रेमी डॉक्टर के सरकारी आवास में फांसी लगाकर जान दे दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्वास्थ्य विभाग में भी आक्रोश देखा जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान अनीता के रूप में हुई है, जो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत थी. बताया जा रहा है कि वह पिछले चार दिनों से डॉक्टर सुरेंद्र बिजारणिया के सरकारी क्वार्टर में रह रही थी. देर रात उसने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली.
घटना के बाद डॉक्टर ने कथित तौर पर शव को फंदे से नीचे उतारकर क्वार्टर की सीढ़ियों पर रख दिया और परिजनों को सूचना देकर वहां से फरार हो गया. हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में उसे पकड़ लिया और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डॉक्टर और एएनएम के बीच लंबे समय से संबंध थे. अनीता डॉक्टर पर शादी का दबाव बना रही थी, लेकिन दिसंबर में डॉक्टर की किसी अन्य महिला से शादी हो जाने के बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था. इसी वजह से वह नाराज चल रही थी.
दोनों स्वास्थ्यकर्मी पास-पास के केंद्रों में तैनात थे, जिसके कारण अक्सर मुलाकात होती रहती थी और यहीं से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. पुलिस का मानना है कि इसी रिश्ते में आई खटास ने इस दुखद घटना को जन्म दिया. इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. डॉक्टर उस समय अस्पताल से भी गायब पाया गया, जबकि उसकी नाइट ड्यूटी थी. पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर उसे देर रात गिरफ्तार कर लिया.
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद कई अहम खुलासे हो सकते हैं. वहीं, इस घटना से स्वास्थ्यकर्मियों में भी रोष का माहौल है और वे निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.