टीएनपी डेस्क(TNP DESK):केंद्र सरकार की ओर से राशन कार्ड योजना के तहत देशभर के करोड़ों गरीब परिवारों को हर महीने मुफ्त राशन जाता है.यह योजना उन लोगों के लिए है, जिन्हें दो वक्त की रोटी जुटाने में भी काफी परेशानी होती है.सरकार इस बात का भी खास ध्यान रखती है कि योजना का लाभ सिर्फ जरूरतमंद लोगों तक ही पहुंचे. इसी वजह से समय-समय पर जांच और नियमों में बदलाव किए जाते है, ताकि फर्जीवाड़े पर रोक लगाई जा सके.
लाखों कार्ड हुए रद्द
इसी बीच बिहार से राशन कार्ड लाभुकों को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है.जानकारी के मुताबिक, राजधानी पटना में करीब 3 लाख राशन कार्ड रद्द कर दिए गए है.आखिर ऐसा क्यों हुआ, आइए जानते है.दरअसल, पिछले कई महीनों से बिहार सरकार ऐसे लोगों की पहचान करने में जुटी है, जो गलत तरीके से राशन कार्ड योजना का लाभ ले रहे है.जांच में खुलासा हुआ कि कई ऐसे लोग भी मुफ्त राशन का फायदा उठा रहे थे, जो नौकरीपेशा है, इनकम टैक्स भरते है और उनके पास चार पहिया वाहन तक मौजूद है.
ऐसे लोगों का नाम कट गया है
जांच के दौरान पटना जिले में 3,20,160 संदिग्ध राशन कार्डों की सूची तैयार की गई थी. अनुमंडल स्तर पर जांच के बाद करीब 2.99 लाख राशन कार्ड रद्द कर दिए गए. वहीं, 16,377 राशन कार्डों की जांच अभी भी जारी है.अगर अनुमंडलवार आंकड़ों की बात करें तो बाढ़ में 56,248 राशन कार्ड रद्द किए गए है. वहीं मसौढ़ी में 22,559, दानापुर में 62,104, पालीगंज में 3,078, पटना सिटी में 14,721 और पटना सदर में 1,14,236 राशन कार्ड रद्द किए गए है.सरकार के मुताबिक, जांच के दौरान ऐसे लोगों के नाम सूची से हटाए गए है जिनके पास फोर व्हीलर है, जो इनकम टैक्स भरते है या किसी कंपनी में ऊंचे पद पर कार्यरत है. इसके बावजूद वे लंबे समय से राशन कार्ड योजना का लाभ उठा रहे थे.
आगे भी कार्रवाई रहेगी जारी
सरकार ने साफ कहा है कि आगे भी जांच की प्रक्रिया जारी रहेगी.अगर कोई और व्यक्ति गलत तरीके से योजना का लाभ लेते पाया गया, तो उसका राशन कार्ड भी रद्द किया जाएगा.