गढ़वा (GARHWA): जिला मुख्यालय में सड़क निर्माण को लेकर राजनीति गरमा गई है. गढ़वा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने निर्माण कार्य में देरी और कथित अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए विवादित बयान दे दिया है. उनका यह बयान अब चर्चा और आलोचना का विषय बन गया है.
शहर में बन रही सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे विधायक मौके पर काफी आक्रोशित नजर आए. उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वे जेल जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे, लेकिन सड़क निर्माण में गड़बड़ी करने वालों को सबक जरूर सिखाएंगे.
मौके पर मौजूद लोगों के बीच विधायक ने कहा कि सड़क बनाने वाली कंपनी के ठेकेदार और इंजीनियर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. इसी दौरान उन्होंने आवेश में आकर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि दोषियों को पेड़ से बांधकर जूते से मारेंगे. इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है.
विधायक का कहना है कि पिछले दो वर्षों से शहर में सड़क निर्माण का काम चल रहा है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है. इसके चलते पूरे शहर में धूल का गुबार बना रहता है, जिससे लोगों को सांस संबंधी समस्याएं होने लगी हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सड़क की ऊंचाई बढ़ा दी गई है, जबकि दुकानों का स्तर नीचे रह गया है, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों ने भी सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार और खराब गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि निर्माण कार्य की वजह से रोजाना आवागमन प्रभावित हो रहा है और धूल के कारण स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है. फिलहाल इस बयान को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आनी बाकी है, लेकिन विधायक के इस तीखे तेवर ने सड़क निर्माण की स्थिति और प्रशासनिक निगरानी पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार