जामताड़ा (JAMTARA): जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जिसने इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है. यहां एक 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ यौन शोषण किए जाने का आरोप है. पीड़िता अब सात महीने की गर्भवती बताई जा रही है.
मामले में आरोपी की पहचान झगड़ा गोड़ा गांव निवासी सचिन मुर्मू के रूप में हुई है. पीड़िता की मां के मुताबिक, युवक ने उनकी बेटी को शादी का झूठा वादा कर अपने करीब लाया और उसके साथ संबंध बनाए. जब लड़की गर्भवती हो गई और परिवार को इसकी जानकारी मिली, तब परिजनों ने आरोपी पर विवाह का दबाव डाला. हालांकि, आरोपी ने जिम्मेदारी लेने से इनकार करते हुए शादी करने से साफ मना कर दिया और फरार हो गया. पीड़िता की मां की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मिहिजाम थाने में कांड संख्या 21/26 दर्ज किया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता धारा 65(1) तथा POCSO Act धारा 4/6 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में रोष है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है. पुलिस का कहना है कि कानून के तहत दोषी को सख्त सजा दिलाई जाएगी.