TNP DESK: आज के युग में हाईवे पर सफर करना और भी ज्यादा आसान हो चुका है. जहां पहले के समय में टोल प्लाज़ा पर लंबी-लंबी लाइनें लगती थीं, वहीं अब कुछ सेकंड में गाड़ियां आगे बढ़ जाती हैं. इस बदलाव का सबसे बड़ा कारण है FASTag , जिसने टोल भुगतान के पूरे सिस्टम को डिजिटल और ऑटोमेटिक बना दिया है.
चलिए अब जानते है FASTag क्या है? FASTag एक छोटा सा स्टिकर होता है, जिसे वाहन के सामने वाले शीशे पर लगाया जाता है. इसके अंदर एक RFID यानी रेडियो फ्रीक्वेंसी पहचान तकनीक लगी होती है. यह तकनीक गाड़ी की पहचान को बिना किसी मैन्युअल चेक के स्कैन करने में मदद करती है. जैसे ही आपकी गाड़ी टोल प्लाज़ा के FASTag लेन में पहुंचती है, ऊपर लगे सेंसर आपके टैग को पढ़ लेते हैं और तुरंत भुगतान की प्रक्रिया शुरू हो जाती है.
इस सिस्टम को पूरे देश में लागू करने में सबसे बड़ी भूमिका रही NHAI की. इसका मकसद सिर्फ टोल वसूली को आसान बनाना नहीं था, बल्कि ट्रैफिक जाम कम करना, ईंधन की बचत करना और डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देना भी था.
चलिए अब जानते है की FASTag के द्वारा पैसा कैसे कटता है. जब आप FASTag खरीदते हैं, तो उसे अपने बैंक खाते, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या प्रीपेड वॉलेट से लिंक करना होता है. यह टैग एक यूनिक आईडी के साथ आता है, जिसमें आपकी गाड़ी और भुगतान की जानकारी जुड़ी होती है. ये पूरी प्रक्रिया ऑटोमेटिक होती है जो कुछ ही सेकंड में पूरी हो जाती है. पैसा कटते ही बैरियर अपने आप खुल जाता है और आप बिना रुके आगे बढ़ जाते हैं.
इसका एक बहुत बड़ा फायदा भी है कि हर ट्रांजैक्शन का मैसेज आपके मोबाइल पर तुरंत आ जाता है.इससे आपको पता चलता रहता है कि कब और कितना पैसा कटा.अगर काभी ज्यादा पैसा कट जाए तो उसके लिए शिकायत दर्ज करने और रिफंड लेने की सुविधा भी दी गई है.
हालांकि, काभी काभी तकनीकी समस्याएं भी आती हैं. जैसे टैग ठीक से स्कैन नहीं होना, बैलेंस खत्म हो जाना या सर्वर में दिक्कत आना. ऐसे मामलों में आपको मैन्युअल भुगतान करना पड़ सकता है.
इसके आने से सिर्फ समय ही नहीं ईंधन भी बचता है. पहले गाड़ियों को टोल पर रुकना पड़ता था, जिससे ईंधन ज्यादा खर्च होता था और साथ ही साथ प्रदूषण भी बढ़ता था. अब बिना रुके गाड़ी आगे बढ़ने से यह समस्या काफी हद तक कम हो गई है.
सरकार ने इसे सारे चार पहिया वाहनों के लिए अनिवार्य कर दिया है, ताकि पूरे देश में टोल सिस्टम एकसमान और डिजिटल हो सके. आने वाले समय में इसे और भी स्मार्ट बनाने की योजना है, जैसे कि दूरी के हिसाब से टोल चार्ज करना. FASTag ने टोल भुगतान को पूरी तरह बदल दिया है. यह न सिर्फ समय बचाता है, बल्कि सफर को आसान, तेज और पारदर्शी भी बनाता है.