TNP DESK: महाराष्ट्र के जलगांव जिले से एक बेहद ही दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक पिता ने अपने चार मासूम बच्चों के साथ कथित तौर पर कुएं में कूदकर जान दे दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है. मामला जलगांव जामोद तहसील के राजुरा बांध क्षेत्र के भाले अंजन गांव का बताया जा रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विजय मुसा किराडिया के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उसने अपने चार बच्चों प्रीत किराडिया (7 वर्ष), प्राची किराडिया (5 वर्ष), पूर्वी किराडिया (4 वर्ष) और पीयूष किराडिया (2 वर्ष) को खेत में बने कुएं में धक्का देने के बाद खुद भी कुएं में छलांग लगा दी. घटना इतनी दर्दनाक थी कि पूरे गांव में मातम छा गया. स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह जब काफी देर तक परिवार के सदस्य दिखाई नहीं दिए तो आसपास के लोगों को शक हुआ. बाद में कुएं के पास पहुंचने पर घटना का पता चला.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक विजय की पत्नी घरेलू विवाद के कारण एक दिन पहले अपने मायके चली गई थी. बताया जा रहा है कि रविवार सुबह विजय घर का काम कर रहा था. इसी दौरान उसके पिता ने उससे पत्नी के मायके जाने और उसके अकेले काम करने को लेकर सवाल किया. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव के कारण वह काफी परेशान था और इसी वजह से उसने यह खौफनाक कदम उठाया.
घटना की जानकारी मिलते ही जलगांव जामोद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद कुएं से पांचों शवों को बाहर निकाला गया. इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जलगांव जामोद ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया.
इस घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में गहरा शोक व्याप्त है. स्थानीय लोग इस हादसे को लेकर स्तब्ध हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ भी कर रही है.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मानसिक तनाव या पारिवारिक विवाद की स्थिति में चुप रहने के बजाय अपने करीबी लोगों, दोस्तों या विशेषज्ञों से मदद लें. अधिकारियों का कहना है कि समय रहते बातचीत और सहयोग मिलने से कई दुखद घटनाओं को रोका जा सकता है.