टीएनपी डेस्क(TNP DESK):आजकल मोटापा एक आम समस्या बन चुकी है. वजन घटाने के लिए लोग तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं. कोई जिम में घंटों वर्कआउट करता है, तो कोई सख्त डाइट फॉलो करता है. कुछ लोग तो यह सोचकर लंच या डिनर ही छोड़ देते हैं कि कम खाने से वजन तेजी से घट जाएगा. लेकिन क्या सच में खाना छोड़ देना वजन कम करने का सही तरीका है.
क्या कहती हैं डॉक्टर?
डॉक्टर के अनुसार, लंच या डिनर स्किप करना वजन घटाने का प्रभावी तरीका नहीं है. उल्टा, इससे वजन बढ़ने की आशंका ज्यादा रहती है. उनका कहना है कि जब हम नियमित भोजन छोड़ते हैं, तो शरीर इसे भुखमरी की स्थिति समझने लगता है. ऐसे में मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है और शरीर फैट जलाने की बजाय उसे जमा करने लगता है. शुरुआत में कुछ लोगों को वजन कम होता हुआ दिखाई दे सकता है, लेकिन यह अक्सर मसल्स लॉस के कारण होता है, न कि फैट कम होने से. यही वजह है कि थोड़े समय बाद वजन दोबारा तेजी से बढ़ सकता है.
खाना छोड़ने के नुकसान
दोपहर या रात का भोजन न करने से ब्लड शुगर का स्तर अस्थिर हो सकता है. इससे चक्कर आना, थकान, सिरदर्द और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं. जब शरीर को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिलती, तो वह मांसपेशियों को तोड़कर ऊर्जा बनाने लगता है. इससे शरीर की ताकत घटती है और कमजोरी महसूस होती है. इसके अलावा, लंबे समय तक भूखे रहने से भूख अचानक बहुत ज्यादा बढ़ जाती है. ऐसे में व्यक्ति अगले भोजन में जरूरत से ज्यादा खा लेता है. ज्यादा भूख के कारण हाई कैलोरी और जंक फूड खाने की इच्छा भी बढ़ सकती है, जो वजन घटाने की कोशिशों को बेकार कर देती है.
क्यों जरूरी है नियमित भोजन
हमारा शरीर रोजमर्रा के कामों के लिए लगातार ऊर्जा का उपयोग करता है. यह ऊर्जा हमें ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर से मिलती है. संतुलित भोजन से शरीर को जरूरी प्रोटीन, विटामिन, मिनरल और अन्य पोषक तत्व मिलते हैं, जो हमें शारीरिक और मानसिक रूप से सक्रिय रखते हैं. जब हम खाना छोड़ते हैं, तो शरीर ऊर्जा बचाने की कोशिश में मेटाबॉलिज्म को धीमा कर देता है. इससे न सिर्फ वजन घटाने की प्रक्रिया प्रभावित होती है, बल्कि हार्मोनल संतुलन और ब्लड शुगर पर भी असर पड़ता है. लंबे समय में यह आदत मोटापा और डायबिटीज के खतरे को बढ़ा सकती है.
क्या डिनर छोड़ना सही है?
कुछ लोगों का मानना है कि रात में खाना खाने से कैलोरी खर्च नहीं होती, इसलिए डिनर छोड़ देना बेहतर है. लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक, यह धारणा पूरी तरह सही नहीं है. डॉ. आरिफा शेख कहती हैं कि डिनर स्किप करने वाले लोगों में आगे चलकर वजन बढ़ने की संभावना अधिक होती है. शुरुआत में भले ही वजन कम दिखे, लेकिन यह टिकाऊ नहीं होता. भविष्य में ओवरवेट होने का खतरा बढ़ सकता है.
वजन कम करने का सही तरीका
वजन घटाने के लिए भोजन छोड़ना नहीं, बल्कि संतुलित और पौष्टिक आहार लेना जरूरी है. अपनी डाइट में प्रोटीन और फाइबर से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करें.
प्रोटीन के स्रोत: उबले अंडे, चिकन ब्रेस्ट, मछली.
अनाज: ओट्स, बाजरा, दलिया या सूजी से बना हल्का उपमा.
सब्जियां: खीरा, तोरी (ज़ुकिनी), चुकंदर, फूलगोभी, पत्तागोभी और पालक जैसी फाइबर युक्त सब्जियां.
फल: सेब, अमरूद और संतरा जैसे पोषक तत्वों से भरपूर फल.
कहें तो वजन कम करने के लिए लंच या डिनर छोड़ना सही उपाय नहीं है. सही मात्रा में, सही समय पर और संतुलित भोजन के साथ नियमित व्यायाम ही स्वस्थ और स्थायी वजन घटाने का सबसे बेहतर तरीका है.
