नालंदा(NALANDA): बिहार में डॉक्टर्स की हड़ताल है. डॉक्टर बायोमेट्रिक अटेंडेंस और 11 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं. लेकिन इमरजेंसी मामलों के लिए डॉक्टर अस्पताल में मौजूद हैं. इसी कड़ी में आज नालंदा के बिहार शरीफ सदर अस्पताल के चिकित्सक भी अपनी मांग को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं. इसके कारण ओपीडी सेवा पूरी तरह से बाधित हो गया है.
इमरजेंसी सेवा बहाल
हालांकि जनहित को देखते हुए इमरजेंसी सेवा को बहाल रखा गया है. अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि डॉक्टर की सुरक्षा, ड्यूटी का निर्धारण और बायोमेट्रिक अटेंडेंस के विरोध में राज्यव्यापी हड़ताल है. लेकिन, हमलोग अस्पताल पहुंचकर इमरजेंसी मरीज को सेवा दे रहे हैं. वहीं, ओपीडी में अपना इलाज कराने के लिए मरीज और उनके परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मरीज का कहना है कि हमलोग को नहीं पता था कि आज चिकित्सक हड़ताल पर हैं.