धनबाद (DHANBAD): जिले में अपराधियों का मनोबल एक बार फिर बढ़ता हुआ नजर आया है. चिरकुंडा थाना क्षेत्र के विवेकानंद कॉलोनी में रविवार तड़के हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया. बताया जा रहा है कि प्रतिबंधित मांगुर मछली के कारोबार में वर्चस्व को लेकर यह हमला किया गया है.
स्थानीय व्यवसायी रौशन बर्णवाल के घर के बाहर खड़ी ऑटो को निशाना बनाते हुए अपराधियों ने अहले सुबह बीच अचानक फायरिंग कर दी. अपराधियों ने दो राउंड गोलियां चलाईं, जिससे ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. गोलीबारी की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए.
घटना की सूचना मिलते ही चिरकुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं, जबकि क्षतिग्रस्त ऑटो को जब्त कर थाना ले जाया गया है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.
पीड़ित व्यवसायी रौशन बर्णवाल के पिता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और परिवार की सुरक्षा की मांग की है. घटना के बाद पूरे परिवार और आसपास के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है.
इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में बढ़ते अपराध और अवैध कारोबार पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से मछली, बालू, कोयला और अन्य कारोबार को लेकर अवैध गतिविधियां चल रही हैं, जिस पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है.
बता दें कि इससे पहले निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने भी प्रेसवार्ता कर क्षेत्र में अवैध मांगुर मछली, बालू, लोहा, कोयला और लॉटरी जैसे कारोबार पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने पुलिस प्रशासन पर मिलीभगत और कार्रवाई में ढिलाई का आरोप लगाते हुए कड़े सवाल उठाए थे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
रिपोर्ट- नीरज कुमार