टीएनपी डेस्क: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन की प्रक्रिया जारी है। बुधवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। इसी क्रम में झारखंड की उपराजधानी दुमका में नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को आधा दर्जन से अधिक प्रत्याशियों ने समाहरणालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया है।
`.jpeg)
निर्दलीय चुनाव, लेकिन दलों का समर्थन जारी
इस वर्ष नगर निकाय चुनाव दलगत आधार पर नहीं हो रहा है, इसके बावजूद प्रमुख राजनीतिक दल अपने अपने समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा कर रहे हैं। भाजपा ने नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अमिता रक्षित को समर्थन देने की घोषणा की है।
भाजपा समर्थित प्रत्याशी अमिता रक्षित ने किया नामांकन
भाजपा का समर्थन मिलने के बाद मंगलवार को अमिता रक्षित समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचीं और नामांकन पत्र दाखिल किया। अमिता रक्षित इससे पहले दो बार नगर परिषद अध्यक्ष का चुनाव जीत चुकी हैं और वर्ष 2008 से 2018 तक इस पद पर रही हैं।

2018 चुनाव में भाजपा को मिली थी हार
वर्ष 2018 के नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने अमिता रक्षित पर दांव लगाया था। तत्कालीन मंत्री डॉ. लुईस मरांडी के अथक प्रयास के बावजूद शहर की जनता ने भाजपा प्रत्याशी के बजाय निर्दलीय प्रत्याशी श्वेता झा को अपना आशीर्वाद दिया था।

अनारक्षित हुआ अध्यक्ष पद, बढ़ी प्रत्याशियों की संख्या
पहली बार दुमका नगर परिषद अध्यक्ष का पद अनारक्षित घोषित किया गया है। इसके चलते प्रत्याशियों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि देखी जा रही है। अब तक कुल 18 प्रत्याशियों ने नाजिर रसीद कटाई है।
अमिता रक्षित बनीं एकमात्र महिला प्रत्याशी
अब तक नाजिर रसीद कटाने वाले प्रत्याशियों में भाजपा समर्थित अमिता रक्षित एकमात्र महिला प्रत्याशी हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार दुमका नगर परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव बेहद रोचक और कांटे का होने वाला है
