भागलपुर(BHAGALPUR):भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र स्थित कोर्ट परिसर बुधवार को उस समय हंगामे का केंद्र बन गया जब प्रेम विवाह के बाद कोर्ट मैरिज कराने पहुंचे एक युवक पर लड़की पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया. दर्जनों लोगों ने युवक को घेरकर जमकर मारपीट की.इस दौरान युवक की शर्ट तक फाड़ दी गई और कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों ने किसी तरह युवक को भीड़ से बचाया.
लड़की पक्ष ने युवक को पीटा
सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन इसके बावजूद गुस्साए परिजन युवक पर हमला करते रहे. बाद में पुलिस युवक को हिरासत में लेकर युवती की तलाश में जुट गई हालांकि युवती का कोई पता नहीं चल सका.
बताया जा रहा है कि बगचप्पर निवासी नितेश सिंह का शाहकुंड थाना क्षेत्र के कोरण्डा गांव की रहने वाली 20 वर्षीय मुस्कान से प्रेम संबंध था.दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ मंगलवार को आपसी सहमति से शादी कर ली थी और बुधवार को कोर्ट मैरिज कराने भागलपुर कोर्ट पहुंचे थे.इसी दौरान लड़की पक्ष के लोगों ने युवक को पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी.
युवती की बुआ ने नितेश सिंह पर लगाये कई गंभीर आरोप
वहीं युवती की बुआ नीलू देवी ने नितेश सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए है. उन्होंने युवक को अपराधी प्रवृत्ति का बताते हुए कहा कि उस पर कई मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही पुलिस प्रशासन से मुस्कान को सुरक्षित बरामद कर परिवार को सौंपने की मांग की है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.