टीएनपी डेस्क(TNP DESK): एक ऐसी शादी देखने को मिली, जिसने पारंपरिक दिखावे और महंगे रस्मों-रिवाजों से अलग समाज को एक नई सोच देने का काम किया. इस विवाह की चर्चा सिर्फ इसलिए नहीं हो रही कि यह दहेज मुक्त और सादगी भरा था, बल्कि इसलिए भी क्योंकि दूल्हा-दुल्हन ने शादी से पहले एचआईवी टेस्ट करवाकर जागरूकता और जिम्मेदारी का संदेश दिया.
हरियाणा के चरखी दादरी निवासी मनेन्द्र दहिया और मोनिका तंवर, जो पेशे से काउंसलर हैं, ने अपने विवाह को सामाजिक बदलाव का माध्यम बनाया. दोनों ने विवाह से पहले स्वास्थ्य जांच को प्राथमिकता दी और एचआईवी टेस्ट करवाया. रिपोर्ट सामान्य आने के बाद ही दोनों ने भीमराव अंबेडकर की तस्वीर के सामने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया.
इस अनोखी शादी की सबसे खास बात यह रही कि पूरे समारोह में किसी तरह का दिखावा नहीं किया गया. शादी पूरी तरह दहेज मुक्त रही और समारोह को बेहद सादगी के साथ संपन्न किया गया. जहां आमतौर पर शादी के मंच पर दूल्हा-दुल्हन एक-दूसरे को फूलों का गुलदस्ता भेंट करते हैं, वहीं मनेन्द्र और मोनिका ने एक-दूसरे को कलम देकर शिक्षा, जागरूकता और समानता का संदेश दिया. इस पहल ने समारोह मे मौजूद लोगों का ध्यान खास तौर पर आकर्षित किया.
दूल्हा मनेन्द्र दहिया का कहना है कि शादी सिर्फ एक सामाजिक परंपरा नहीं, बल्कि भरोसे और जिम्मेदारी का रिश्ता है. उनका मानना है कि युवाओं को बिना किसी झिझक के विवाह से पहले जरूरी स्वास्थ्य जांच करवानी चाहिए, ताकि भविष्य सुरक्षित और स्वस्थ रह सके.उन्होंने कहा कि समाज में अब इस तरह की सोच को बढ़ावा देने की जरूरत है, जिससे लोग जागरूक बनें और स्वास्थ्य संबंधी विषयों को गंभीरता से लें.
वहीं दुल्हन मोनिका तंवर ने कहा कि आज भी एचआईवी जैसे विषयों पर खुलकर बातचीत नहीं होती, जिसके कारण लोगों में जागरूकता की कमी बनी रहती है. उनका मानना है कि जब तक समाज ऐसे मुद्दों पर खुलकर चर्चा नहीं करेगा, तब तक डर खत्म नहीं होंगे. उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि स्वास्थ्य जांच को शर्म या डर से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी के रूप में देखना चाहिए.
यह शादी अब सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. लोग इस पहल को समाज के लिए सकारात्मक संदेश मान रहे हैं सादगी, जागरूकता और समानता पर आधारित यह विवाह उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहा है, जो बिना दिखावे और सामाजिक दबाव के एक नई सोच के साथ जीवन की शुरुआत करना चाहते हैं.