TNP DESK: BPSC यानि की बिहार लोक सेवा आयोग ने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा से जुड़ी पेपर लीक की अफवाहें फैलाने वालों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की है.
आयोग ने असामाजिक तत्वों और कुछ अभ्यर्थियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दंडात्मक कदम उठाए हैं. इसके अलावा 32 अभ्यर्थियों को कदाचार की कोशिश और परीक्षा में बाधा डालने के आरोप में भविष्य की परीक्षाओं से प्रतिबंधित कर दिया गया है.
आयोग के अनुसार, जिला प्रशासन की सतर्कता के कारण कुछ परीक्षा केंद्रों पर ब्लूटूथ जैसे माध्यमों से नकल कराने के प्रयासों का खुलासा हुआ. हालांकि, आयोग ने प्रश्नपत्र लीक या वायरल होने की सभी खबरों को पूरी तरह खारिज किया है.
जांच में अब तक ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला है जो पेपर लीक की पुष्टि करता हो. किसी भी प्रश्नपत्र सेट की कोई सीरीज बाहर आने की बात भी गलत बताई गई है. आयोग ने यह भी कहा कि कुछ समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के जरिए परीक्षा की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई, जिसकी जांच जारी है.
स्थिति की समीक्षा के बाद आयोग ने पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए 14 से 21 अप्रैल तक आयोजित परीक्षाओं तथा 23 अप्रैल को हुई सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी परीक्षा को रद्द कर दिया है.