धनबाद (DHANBAD): धनबाद के वासेपुर इलाके में फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. शुक्रवार को बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी पुलिस की संयुक्त टीम ने उसके आवास पर कुर्की-जप्ती अभियान चलाया. यह कार्रवाई धनबाद न्यायालय के आदेश पर की गई. भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्वक पूरा कराया गया.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रिंस खान लंबे समय से फरार चल रहा है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, धमकी, फायरिंग समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं. अदालत में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण कोर्ट ने उसके खिलाफ कुर्की-जप्ती का आदेश जारी किया था. इसी आदेश के तहत पुलिस टीम वासेपुर स्थित उसके घर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी की.
जानकारी के अनुसार इससे पहले भी पुलिस कई बार प्रिंस खान के ठिकानों पर छापेमारी और कुर्की-जप्ती की कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन अब तक वह गिरफ्त से बाहर है. पुलिस का दावा है कि वह फिलहाल पाकिस्तान में छिपकर अपने गैंग का संचालन कर रहा है और वहीं से अपने नेटवर्क को नियंत्रित कर रहा है.
पुलिस ने बताया कि प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. हाल के दिनों में उसके कई गुर्गों और सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई संदिग्धों से पूछताछ जारी है. पुलिस का कहना है कि गैंग से जुड़े हर व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है और अपराध पर लगाम लगाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
रिपोर्ट : नीरज कुमार