✕
  • News Update
  • Trending
  • Jharkhand
  • Bihar
  • Politics
  • Business
  • Sports
  • National
  • Crime Post
  • Life Style
  • Health Post
  • Foodly Post
  • TNP Special Stories
  • Big Stories
  • Know your Neta ji
  • Entertainment
  • Know Your MLA
  • Art & Culture
  • Tour & Travel
  • Local News
  • Special Stories
  • TNP Photo
  • Techno Post
  • covid -19
  • LS Election 2024
  • TNP Explainer
  • International
  • Blogs
  • Education & Job
  • Special Story
  • Religion
  • Top News
  • Latest News
  • Lok Sabha Chunav 2024
  • YouTube
☰
  1. Home
  2. /
  3. Trending

बड़ी खबर : झारखंड के जंगल में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, मुठभेड़ में एक माओवादी ढेर

BY -
Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Copy Editor • TheNewsPost.in
PublishedAt: April 29, 2026, 3:23:31 PM

चाईबासा (CHAIBASA): झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के टोंटो-गोइलकेरा क्षेत्र के घने जंगलों में चल रहे सुरक्षा अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. कोबरा 209 बटालियन और अन्य सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान में एक माओवादी को मार गिराया गया है. हालांकि, उसकी पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है. घटनास्थल से हथियार, गोला-बारूद और कई संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.

सूत्रों के अनुसार, रूटुगुटू, बोरोई और तूनबेड़ा के आसपास के इलाकों में पिछले दो दिनों से लगातार सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था. यह अभियान विशेष रूप से कुख्यात और एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी नेता मिसिर बेसरा की तलाश में केंद्रित था. बुधवार तड़के लगभग साढ़े चार बजे जब सुरक्षा बल जंगल में सर्च ऑपरेशन कर रहे थे, तभी उनका माओवादियों से आमना-सामना हो गया. इसके बाद दोनों ओर से भारी गोलीबारी शुरू हो गई.

काफी देर तक चली मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक माओवादी को मार गिराया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मारा गया नक्सली कमांडर अजय महतो के दस्ते का सदस्य बताया जा रहा है, हालांकि उसकी आधिकारिक पुष्टि अभी की जा रही है. पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि अभियान अभी भी जारी है और सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं. उन्होंने कहा कि बरामद हथियारों और सामग्री की जांच से माओवादी नेटवर्क, उनकी गतिविधियों और आगामी योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है.

गौरतलब है कि हाल ही में गोइलकेरा थाना क्षेत्र में एक पूर्व माओवादी की हत्या की घटना सामने आई थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला था कि माओवादी संगठन सारंडा के जंगलों से निकलकर कोल्हान क्षेत्र और आसपास के इलाकों में अपनी गतिविधियां बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं. इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर अभियान तेज कर दिया था. यह मुठभेड़ उसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है. फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी है और जंगल क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को रोका जा सके.

रिपोर्ट : संतोष वर्मा

Tags:Naxalinaxal operationnaxali jharkhandnaxal in operationsarandasaranda junglemisir besramisir besra naxalilatest newstop news

© Copyrights 2023 CH9 Internet Media Pvt. Ltd. All rights reserved.