टीनपी डेस्क (TNP DESK): पाकिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आई है. बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के मजीद ब्रिगेड के एक आत्मघाती हमलावर ने रविवार सुबह पाकिस्तान के क्वेटा में चमन फाटक के पास क्वेटा कैंट से सैन्य कर्मियों को ले जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को निशाना बनाकर एक भीषण फिदायीन हमला किया. रेलवे ट्रैक के नजदीक हुए इस शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 23 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 53 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार, धमाके के कारण पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह से जलकर खाक हो गई, जबकि ट्रैक के आसपास स्थित कई घरों और वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है. इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस अधिकारी तुरंत घटना स्थल पर राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया है. सुरक्षा बलों ने पूरे प्रभावित इलाके की घेराबंदी कर दी है और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है. बलूच लिबरेशन आर्मी के प्रवक्ता जीयांद बलूच ने मीडिया को बयान जारी कर इस फिदायीन हमले की जिम्मेदारी ली है.
शुरुआती जांच के अनुसार, ये एक सुनियोजित हमला था, जिसे ट्रेन के गुजरने के वक्त अंजाम दिया गया ताकि अधिक से अधिक जानमाल का नुकसान किया जा सके. आपातकालीन बचाव दल और पुलिस बल मौके पर राहत कार्य चलाने के साथ-साथ विस्फोट के सटीक कारणों और आत्मघाती हमलावर के सुराग तलाशने में जुटे हैं.