धनबाद(DHANBAD): बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद हंगामा मच गया है. निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कह दिया है कि वह इस्तीफा नहीं देंगी। यह जनादेश साजिश है. उन्होंने चुनाव आयोग पर "वोट लूट "के आरोप भी लगाए हैं. ममता बनर्जी के इस बयान की बंगाल में खूब चर्चा चल रही है. खास कर अधिकारी इस बयान की दबी जुबान से खूब चर्चा कर रहे हैं. कह रहे हैं कि हम लोग भाग्यशाली हैं कि एक चुनाव में दो -दो मुख्यमंत्री मिलेंगें।
बंगाल को दो -दो सीएम की क्यों चल रही चर्चा
एक गंगा उस पार बैठेगा तो दूसरा राइटर्स बिल्डिंग में. दरअसल चुनाव परिणाम आने के बाद ममता बनर्जी के करीबी अधिकारियों पर गाज गिरनी शुरू हो गई है. बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह के पहले विभिन्न सरकारी पदों पर सलाहकार की भूमिका में नियुक्त किए गए सभी रिटायर्ड अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सरकारी कार्यालय में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. कई वरिष्ठ अधिकारियों के दफ्तरों को सील कर दिया गया है. उनका नेम प्लेट हटा दिया गया है. सूत्रों के अनुसार यह कदम नई सरकार के गठन से पहले किसी भी प्रकार के फाइल मूवमेंट या डाटा से छेड़छाड़ को रोकने के लिए उठाया गया है.
कई अधिकारियो के चैम्बर कर दिए गए हैं सील
सूत्रों के अनुसार ममता बनर्जी के शासनकाल में दर्जनों सेवानिवृत आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को सेवा विस्तार देकर या सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया था. सूत्र बताते हैं कि अब उनके सरकारी वाहन , सुरक्षा और ऑफिस चैंबर ले लिए गए हैं. एक तरह से कहा जाए तो फाइलों पर पहरा बैठा दिया गया है. बता दें कि हार के बाद पहली बार मीडिया के सामने मंगलवार को आई ममता बनर्जी ने तीखे तेवर में दिखी। उन्होंने साफ़ कहा कि इस्तीफा का सवाल ही नहीं उठता। यह हार जनता के जनादेश से नहीं बल्कि साजिश से हुई है.
ममता बनर्जी ने बनाई फैक्ट फाइंडिंग समिति
उन्होंने आरोप लगाया कि 100 सीटों पर जनादेश को "लूट" लिया गया है. ममता बनर्जी ने चुनाव के बाद हुई हिंसा की जांच के लिए 10 सदस्य फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाने का फैसला किया है. 2021 की हिंसा के आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया है. ममता बनर्जी ने कहा कि इंडिया गठबंधन के नेताओं ने एकजुटता दिखाई है. सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने खुद फोन कर उनसे बात की है. ममता बनर्जी ने कहा कि अब उनका मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी गठबंधन को मजबूत करने का होगा। बंगाल की 294 सीट वाली विधानसभा में भाजपा ने 207 सीट जीतकर 15 साल पुराने ममता बनर्जी के शासन को उखाड़ फेंका है.