टीएनपी डेस्क (TNP DESK): हिन्दू मान्यताओं में समान खरीदने के लिए भी दिन निर्धारित किया जाता है, जिनका विशेष महत्व भी होता है. ऐसे में हिंदू परंपराओं के अनुसार अक्षय तृतीया को अत्यंत शुभ और फलदायी दिन माना जाता है. वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया को पड़ने वाला यह पर्व इस वर्ष 19 अप्रैल को मनाया जा रहा है. “अक्षय” का अर्थ होता है, जो कभी खत्म न हो. मान्यता है कि इस दिन किए गए शुभ कार्य, दान और पूजन का फल हमेशा बढ़ता रहता है और कभी नष्ट नहीं होता.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान परशुराम का जन्म हुआ था, इसलिए इसे परशुराम जयंती के रूप में भी मनाया जाता है. पौराणिक कथाओं में यह भी कहा जाता है कि श्री कृष्ण ने द्रौपदी को इसी दिन अक्षय पात्र दिया था, जिससे भोजन कभी समाप्त नहीं होता था. साथ ही, महाभारत की रचना की शुरुआत भी इस पावन तिथि से जुड़ी मानी जाती है.
इस दिन सोना, चांदी या अन्य कीमती वस्तुओं की खरीदारी को विशेष रूप से शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन खरीदी गई चीजें घर में समृद्धि और सुख-शांति को स्थायी बनाती हैं. खास बात यह है कि इस दिन किसी भी शुभ कार्य के लिए अलग से मुहूर्त देखने की जरूरत नहीं होती, पूरा दिन ही मंगलकारी माना जाता है.
अगर आप इस दिन कुछ खास करना चाहते हैं, तो जरूरतमंदों को अनाज, वस्त्र और जल का दान करना बेहद पुण्यदायी माना जाता है. इसके अलावा श्रद्धा के साथ पूजा-पाठ और व्रत रखने से भी सकारात्मक फल मिलने की मान्यता है. कई लोग इस दिन नया व्यापार शुरू करते हैं या निवेश करते हैं, जिसे शुभ शुरुआत माना जाता है. विवाह, गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्य भी इस दिन बिना किसी विशेष मुहूर्त के किए जा सकते हैं.
हालांकि, यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि इस दिन क्रोध, विवाद और नकारात्मक व्यवहार से दूर रहना चाहिए. धार्मिक परंपराओं में विश्वास के साथ-साथ विवेक का इस्तेमाल करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है.