TNP DESK: टीवी इंडस्ट्री से एक खुशखबरी सामने आई है. लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया माता-पिता बन गए हैं. कपल के घर जुड़वां बेटों का जन्म हुआ है. इस खुशखबरी को दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ साझा किया, जिसके बाद उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं.
दिव्यांका पिछले कुछ समय से अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चा में थीं. कई मौकों पर उन्हें बेबी बंप के साथ स्पॉट किया गया था. शादी के करीब 10 साल बाद दिव्यांका और विवेक पहली बार पैरेंट्स बने हैं. दोनों ने साल 2016 में शादी की थी और टीवी इंडस्ट्री के पसंदीदा कपल्स में गिने जाते हैं.
26 मई की सुबह कपल ने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर कर अपने फैंस को यह खुशखबरी दी. पोस्ट में जुड़वां बच्चों की तस्वीर साझा की गई, जिसमें दोनों बच्चे पीछे की ओर बैठे दिखाई दे रहे हैं. तस्वीर पर लिखा था कि उन्होंने भगवान से खुशियां मांगी थीं और उन्हें दोगुनी खुशियां मिली हैं. पोस्ट के कैप्शन में कपल ने लिखा कि उनका इंतजार खत्म हो गया है और अब उनकी जिंदगी पहले से ज्यादा खूबसूरत हो गई है. उन्होंने अपने बेटों को प्यार से “करण-अर्जुन” भी कहा और सभी से आशीर्वाद देने की अपील की.
इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस और टीवी इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने दोनों को शुभकामनाएं देना शुरू कर दिया. अभिनेत्री मोनालिसा ने कमेंट करते हुए दोनों को बधाई दी और बच्चों के लिए भगवान का आशीर्वाद मांगा. वहीं अभिनेत्री पंखुरी ने भी कपल को ट्विन्स क्लब में स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं. सोशल मीडिया पर फैंस लगातार हार्ट और बधाई वाले मैसेज शेयर कर रहे हैं.
दिव्यांका त्रिपाठी टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल हैं. उन्हें खास पहचान टीवी शो ये है मोहब्बतें से मिली थी. इसके अलावा वह बनूं मैं तेरी दुल्हन, “मैजिक ऑफ श्री” और “कोल्ड लस्सी और चिकन मसाला” जैसे प्रोजेक्ट्स में भी नजर आ चुकी हैं. उनकी शानदार एक्टिंग और सादगी की वजह से फैंस उन्हें काफी पसंद करते हैं.