टीएनपी डेस्क(TNP DESK): दिल्ली के जंगपुरा में ज्वेलर्स शोरूम से 25 करोड़ के गहने की चोरी हुई थी. इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. दिल्ली पुलिस ने छत्तीसगढ़ से दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. इन बदमाशों के पास से गहने भी बरामद हुए हैं. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से फिलहाल पूछताछ कर रही है.
पूरा मामला
बता दें कि जिस ज्वैलरी शोरूम में चोरी हुई थी वह उमराव सिंह और महावीर प्रसाद जैन का है. चोरों ने दुकान में रखी 20 से 25 करोड़ रुपये के हीरे और सोने की ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया था. चोर छत काटकर शोरूम में घुसे थे. और बड़ी ही चालाकी से गहने लेकर नौ दो ग्यारह हो गए थे. लेकिन आज पुलिस ने दो आरोपियों को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा कि ये चोर काफी शातिर हैं और ये पहले भी इस तरह की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं. वहीं दुर्ग में एक आरोपी के पास से 12.50 लाख रुपये नकद और 18 किलो से अधिक सोना और हीरे जब्त किए गए हैं.