टीएनपी डेस्क(TNP DESK): कश्मीर में हिंदुओं की हत्या थमने का नाम नहीं ले रहा है. एक के बाद एक हिंदुओं को आतंकवादी निशाना बना रहे हैं. अभी महिला शिक्षिका की हत्या का मामला सुलझा भी नही था कि आतंवादियों ने कुलगाम में एक और व्यक्ति को गोलियों से भून डाला. जिसके बाद व्यक्ति कि मौत हो गई. मृतक का नाम विजय कुमार बताया जा रहा है, जो कुलगाम के एक बैंक मैनेजर थे. विजय कुमार राजस्थान के रहने वाले थे. इससे पहले कुलगाम में ही एक हिंदू शिक्षिका की आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी.
मृतक विजय कुमार कुलगाम के मोहनपोरा में इलाकी देहाती बैंक में तैनात थे. जहां आतंकवादियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें उनकी मौत हो गई. इस हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
लगातार सरकारी कर्मचारियों को बनाया जा रहा निशाना
बता दें कि आतंकी लगातार घाटी में सरकारी कर्मचारियों को निशाना बना रहे हैं. हाल ही में बडगाम में राहुल भट्ट की हत्या की गई थी, इसके बाद कुलगाम में महिला शिक्षिका को गोली मारी गई और अब ये. महिला शिक्षिका की हत्या के बाद घाटी में विरोध प्रदर्शन भी हुआ और सभी ने सरकारी कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर तैनात करने की मांग सरकार से की थी. इसके बाद सरकार ने 6 जून तक सभी सरकारी कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर तैनात करने का आदेश भी जारी किया था. बता दें कि सिर्फ मई महीने में कश्मीर में ये 9वीं हत्या है.
