टीएनपी डेस्क(TNP DESK) : महाराष्ट्र में इन दिनों हनुमान चालीसा को लेकर तो राजनीति तेज हैं ही, साथ में भगवान राम को लेकर भी राजनीतिक दलों में खींचतान लगी हुई है. इसी कारण तो जहां राज ठाकरे 5 जून को अयोध्या जा रहे हैं तो वहीं आदित्य ठाकरे 10 जून को राम लला की नगरी पहुंच रहे हैं. आदित्य ठाकरे के अयोध्या जाने की जानकारी संजय राऊत ने ट्विटर पर दी.
इससे पहले एमएनएस चीफ राज ठाकरे ने अपने अयोध्या दौरे का ऐलान किया था. वह एक दिन के दौरे पर अयोध्या जा रहे हैं. हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि उनका योगी आदित्यनाथ से मिलने का कोई कार्यक्रम नहीं है. राज ठाकरे ने लाउडस्पीकर विवाद को लेकर योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे पर तंज कसते हुए कहा था कि हमारे पास योगी नहीं भोगी हैं.
राज ठाकरे ने मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की दी थी चेतावनी
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र में हिन्दुत्व को लेकर ऐसा लगता है जैसे प्रतियोगिता शुरू हो गई है. इसकी शुरुआत तब हुई जब राज ठाकरे ने चेतावनी दी थी कि अगर 3 मई तक मस्जिदों से लाउड स्पीकर नहीं हटाया गया तो वह पूरे राज्य में लाउडस्पीकर लगाकर हनुमान चालीसा का पाठ कराएंगे. राज ठाकरे के इस बयान के बाद से ही राज्य में हंगामा शुरू हो गया. इसी के तहत निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके पति ने सीएम उद्धव ठाकरे के आवास के सामने हनुमान चालीसा का पाठ करने कि घोषणा कर दी. इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि दोनों को जमानत मिल गई है और दोनों अभी जेल से बाहर हैं.
