टीएनपी डेस्क(TNP DESK): देश में बड़ी संख्या में लोग रोजाना ट्रेन से यात्रा करते हैं. खासकर लंबी दूरी तय करने वाले यात्री ट्रेन को सबसे सुविधाजनक साधन मानते हैं. ऐसे यात्री आमतौर पर अपनी पसंदीदा श्रेणी में कई दिन पहले ही टिकट बुक कर लेते हैं. लेकिन कई बार अचानक किसी जरूरी काम या आपात स्थिति के कारण यात्रा की तारीख बदलनी पड़ जाती है. ऐसी स्थिति में अधिकतर लोग अपनी बुक की हुई टिकट कैंसिल कर देते हैं, जिससे एक तो कैंसलेशन चार्ज कट जाता है और दूसरी बार कन्फर्म टिकट मिलना भी मुश्किल हो जाता है.
अब यात्रियों को इस परेशानी से राहत मिल सकती है. भारतीय रेलवे ने ऐसी सुविधा शुरू की है, जिसके तहत यात्री बिना कैंसलेशन फीस दिए अपनी कन्फर्म टिकट की यात्रा तारीख बदल सकेंगे.
कब से लागू हुआ नियम
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने 1 जनवरी 2026 से कन्फर्म ट्रेन टिकट को बिना कैंसिल किए रीशेड्यूल करने की सुविधा लागू की है. पहले यह सुविधा केवल स्टेशन काउंटर से लिए गए टिकटों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे ऑनलाइन टिकटों के लिए भी लागू कर दिया गया है.
पहले यदि किसी कारण से यात्रा की तारीख बदलनी पड़ती थी, तो यात्रियों को टिकट रद्द करनी पड़ती थी. इसके कारण किराए में 25 से 50 प्रतिशत तक अतिरिक्त खर्च हो जाता था और कई बार देर से कैंसिल करने पर कोई रिफंड भी नहीं मिलता था. अब अगर आपने 1 जनवरी 2026 के बाद टिकट बुक किया है और आपकी यात्रा की तारीख बदल जाती है, तो आप उसी टिकट को नई तारीख के लिए रीशेड्यूल कर सकते हैं.
उदाहरण के तौर पर, यदि आपने 20 अप्रैल की यात्रा के लिए टिकट बुक की है और किसी कारणवश यात्रा पांच दिन आगे बढ़ानी पड़ती है, तो आप अपने टिकट को कैंसिल किए बिना नई तारीख के लिए बदल सकते हैं. इसके लिए जिस ऐप या पोर्टल से टिकट बुक किया गया है, उसमें टिकट खोलकर “रीशेड्यूल” विकल्प पर क्लिक करना होगा और नई तारीख चुननी होगी.
इन नियमों का रखना होगा ध्यान
टिकट कन्फर्म होना जरूरी है.
ट्रेन के प्रस्थान से कम से कम 48 घंटे पहले रीशेड्यूल की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
RAC और वेटिंग टिकट पर यह सुविधा लागू नहीं होगी.
यह सुविधा केवल Indian Railway Catering and Tourism Corporation (IRCTC) के पोर्टल या ऐप से बुक किए गए कन्फर्म टिकटों पर ही मिलेगी.
अगर नई तारीख पर टिकट का किराया पहले से अधिक है, तो यात्रियों को किराए का अंतर देना होगा.
रेलवे के इस फैसले से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. अब बिना टिकट रद्द किए ही यात्रा की तारीख बदली जा सकेगी. हालांकि नई तारीख पर सीट की उपलब्धता के आधार पर ही सीट कन्फर्म होगी.