☰
Tnp Original

संसद के विशेष सत्र में क्या है खास? कम सांसद के बावजूद मोदी - शाह कैसे पूरा करेंगे दो तिहाई बहुमत

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

TNP Desk: केंद्र की सरकार ने 30 नवंबर को लोकसभा तथा 2 दिसंबर को राज्यसभा का विशेष सत्र बुलाया है. विशेष सत्र बुलाए जाने की जानकारी संसदीय कार्य मंत्री ने दी. उन्होंने बताया कि इस बैठक में अहम सरकारी कार्य निपटाये जाएंगे. माना जा रहा है कि विशेष सत्र में मोदी सरकार परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक सदन में पेश करेगी. हालांकि नियम के अनुसार संसद के दोनों सदनों में एनडीए के पास सांसदों की कमी है बावजूद इसके उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार विशेष सत्र में दोनों विधेयक पास करवा लेगी. तो आइए जानते हैं कि परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक में क्या खास है और सांसदों की कमी के बावजूद मोदी सरकार ने क्या प्लानिंग की है.

परिसीमन विधेयक

सरकार ने संविधान में संशोधन के जरिए लोकसभा में सीटों की संख्या में बढ़ोतरी का फैसला लिया है. अगर यह विधेयक दोनों सदन में पास हो जाता है तो फिर लोकसभा में 272 सीटें बढ़ जाएंगी. सरकार का कहना है कि सभी राज्यों में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाई जाएंगी. लोकसभा में सीट बढ़ाए जाने का फायदा स्थानीय लोगों को मिलेगा. केंद्र सरकार के अनुसार परिसीमन विधेयक के पास हो जाने से सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो जाएगी. उदाहरण के तौर पर बिहार में वर्तमान में 40 लोकसभा सीट है तो यह बढ़ कर 60 हो जाएंगी. इसी तरीके से सभी राज्यों में सीट की बढ़ोतरी की जाएगी जिसके बाद सीटों की संख्या बढ़ कर 815 हो जाएंगी. इसके बाद सरकार महिलाओं को दो तिहाई सीट यानि करीब 272 सीटों पर आरक्षण देगी जो कि 15 वर्षों के लिए मान्य होगा.

पहले क्यों नहीं हो सका था पास 

परिसीमन विधेयक पहले भी संसद में पेश किया जा चुका था और उस वक्त भी 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया था. लेकिन खास बात यह थी कि उस वक्त विधेयक में यह आश्वासन नहीं दिया गया था कि सभी राज्यों की सीट में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी. सीटें किस आधार पर बढ़ाई जाएंगी साफ नहीं होने की वजह से दक्षिण भारत के राज्यों की चिंताएं बढ़ गई थी कि इसका लाभ उन्हें नहीं मिलेगा. दक्षिण के नेताओं का कहना था कि बढ़ाये जाने वाले सीटों का सबसे अधिक लाभ उत्तर के राज्यों को मिलेगा जबकि हमें कोई लाभ नहीं मिलेगा और यही वजह थी कि पिछली बार एनडीए को महक 298 वोट ही मिले थे जबकि दो तिहाई बहुमत के लिए 352 वोटो की जरूरत थी.

सरकार ने नीति की स्पष्ट

अब नए परिसीमन विधेयक में सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सिर्फ जनसंख्या के आधार पर परिसीमन कर सीटें नहीं बढ़ाई जाएंगीं बल्कि राज्य की सीट के आधार पर 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी. सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सभी राज्यों में सीटें समान अनुपात में बढ़ाई जाएगी. सरकार का मानना है कि सीटें बढ़ाए जाने और महिलाओं को आरक्षण दिए जाने से सदन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, साथ ही राज्यों में जनप्रतिनिधि की संख्या अधिक होने से विकास की गति में भी तेजी आएगी.

महिला आरक्षण विधेयक 

सरकार ने परिसीमन विधेयक के साथ ही महिला आरक्षण विधेयक पेश करने का भी निर्णय लिया है. परिसीमन विधेयक के पास होते ही इसका भी रास्ता साफ हो जाएगा. सरकार का मानना है कि महिला आरक्षण विधेयक पास होने के बाद लोकसभा समेत राज्य के सदन में एक तिहाई सीटों पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, इससे महिलाओं के विकास और आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा. अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों में भी महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू हो जाएगा. इतना ही नहीं प्रत्येक परिसीमन के बाद महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का रोटेशन किया जाएगा.

कैबिनेट ने दोनों बिल को दी स्वीकृति

संसद के विशेष सत्र बुलाए जाने के अगले दिन ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक की गई. कैबिनेट की बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दी गई. कैबिनेट की बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि बीजेपी सरकार जो भी विधेयक सदन में लाती है उस पर व्यापक और सार्थक चर्चा होनी चाहिए. विपक्ष सरकार के प्रस्तावों से सहमत होते हैं या नहीं, ये एक अलग विषय है. लोकतंत्र में, आपको सरकार से सहमत होने या उसके कार्यों का विरोध करने की पूरी स्वतंत्रता देती है. लेकिन, संसदीय सत्र तो चलना ही चाहिए.

नहीं मिला था बहुमत

लोकसभा में पिछली बार जब संविधान संशोधन बिल पेश हुआ था तब बहुमत के लिए आवश्यक वोट से काफी कम वोट मिले थे. नियम के अनुसार संविधान में संशोधन के लिए दोनों सदनों में दो तिहाई वोट मिलना आवश्यक है. पिछली बार जब यह विधेयक सदन में पेश किया गया उस वक्त सरकार को बहुमत के लिए 352 वोटों की आवश्यकता थी लेकिन सरकार के लक्ष्य में मात्र 298 वोट मिले थे. कम वोट मिलने की वजह से इस विधेयक को मंजूरी नहीं मिली. हालांकि सरकार ने इस बार विधेयक और अधिक स्पष्ट किया है साथ ही नंबर गेम पर भी काम कर विधेयक पास करवाना सुनिश्चित करने में जुटी हुई है.

कैसे होगा बिल पास

विशेष सत्र के दौरान भी सरकार को संविधान संशोधन विधेयक पास करवाने के लिए लिए लोकसभा में करीब 360 वोटों की जरूरत पड़ेगी जबकि एनडीए के पास मात्र 320 सांसद हैं. वहीं दूसरी तरफ राज्यसभा में भी एनडीए के पास 151 सांसद हैं जबकि दो तिहाई बहुमत के लिए 162 वोटों की जरूरत होगी. राजनीतिक जानकारों की मानें तो इस बार मोदी - शाह की जोड़ी ने साउथ के नेताओं को साधते हुए अपने साथ आने के लिए तैयार किया है. इसके आधार पर शरद पवार की पार्टी एनसीपी ने 8 सांसदों के साथ विपक्ष से किनारा कर एनडीए का साथ देने की घोषणा कर दी है. इसके साथ ही डीएमके भी सरकार का समर्थन कर सकती है, वहीं दूसरी तरफ सपा ने वोटिंग से दूरी बनाने का ऐलान किया है. अगर अखिलेश यादव की पार्टी के 50 सांसद वोटिंग से दूरी बनाती है तो फिर एनडीए के लिए दो तिहाई का आंकड़ा घट कर 236 हो जाएगा.

कैसे पूरा होगा जादुई आंकड़ा

फिलहाल 543 सीटों वाली लोकसभा में 3 सीट खाली है, ऐसे में अगर अन्य सभी 540 सांसद अगर वोटिंग करते हैं तो सरकार को दो तिहाई बहुमत के लिए 360 वोट की आवश्यकता होगी. वहीं राज्यसभा में भी सरकार के पास 11 वोट की कमी है. सरकार को इस दौरान बिल पास करवाने के लिए क्रॉस वोटिंग की आवश्यकता होगी. हालांकि शरद पवार की एनसीपी के साथ ही डीएमके तथा YSRCP ने समर्थन की बात कही है. इन पार्टियों के समर्थन के बावजूद 6 वोटो की कमी होगी. वहीं दूसरी तरफ अखिलेश यादव की पार्टी सपा अगर वोटिंग में हिस्सा नहीं लेती है फिर सरकार विधेयक पास आसानी से करवा लेगी.

क्या है विपक्ष का मत

परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्ष लगातार सरकार का विरोध कर रहा है. हालांकि सरकार विपक्षी दलों को लगातार समझाने की कोशिश कर रही है तथा सदन में चर्चा के लिए भी तैयार है बावजूद इसके कुछ पार्टियां लगातार विरोध कर रही है. हालांकि अब यह साफ होने लगा है कि परिसीमन विधेयक पर विपक्षी एकता कमजोर पड़ने लगी है. एक तरफ शरद पवार की एनसीपी, डीएमके और YSRCP विधेयक का समर्थन कर सकती है तो दूसरी तरफ झारखंड की सत्ताधारी दल और इंडिया ब्लॉक का घटक दल जेएमएम ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं. परिसीमन बिल पर प्रतिक्रिया देते हुए जेएमएम प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि पहले विधेयक को देखा जाएगा. अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों का अनुपात देखना होगा. बहुत सारे पहलुओं को देखना होगा. इसके बाद देश और झारखंड हित में निर्णय लिया जाएगा.

विपक्ष में होने लगी फूट 

कांग्रेस ने बिल के विरोध में हर कोशिश करने की ठानी है और विपक्ष के सभी दलों को शनिवार को मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक में आमंत्रित किया है. हालांकि अब परिसीमन बिल पर विपक्ष में भी फूट देखने लगा है. एक तरफ विपक्षी पार्टियां विधेयक के समर्थन में आने लगी है तो दूसरी तरफ विपक्ष के कुछ सांसद समर्थन कर रहे हैं. परिसीमन विधेयक पर बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राजद में भी दो फाड़ दिखाई दे रहा है. एक तरफ पार्टी नेतृत्व बिल का विरोध कर रहा है तो कुछ नेताओं ने खुले तौर पर समर्थन की बात की है.