पटना: बिहार में इन दिनों मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी काफी चर्चा में है. आखिर चर्चा हो भी क्यों नहीं, बाहुबली विधायक पिता अनंत सिंह ने खर्च करने में कोई कटौती नहीं की है. शिवांगी सिंह की शादी बिहटा के रहने वाले ऋषिकेश सिंह से आज हो रही है. इस शादी की देश भर में खूब चर्चा हो रही है और इसका कारण है शादी की तैयारी, दूल्हे को दिए जाने वाला गिफ्ट और वीवीआईपी गेस्ट के साथ ही आने वाले मेहमानों की संख्या. उम्मीद जताई जा रही है कि शिवांगी सिंह की शादी में करीब चार लाख लोग आयेंगे, जिनके लिए करीब 10 एकड़ जमीन में पंडाल बनाया गया है.
4 लाख लोग होंगे शामिल
बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपनी बेटी की शादी के अवसर पर एक घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया है जिसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में थार गाड़ी दी जाएगी. इससे पहले 20 नवंबर को तिलक समारोह के दौरान अनंत सिंह ने एक डिफेंडर कार अपने दामाद को उपहार में दिया. बताया जा रहा है कि शादी में आने वाले मेहमानों के लिए करीब 150 से अधिक तरह के व्यंजन 15 से अधिक जंबो टीम के द्वारा तैयार किया जा रहा है. वहीं मेहमानों की सूची देखें तो उसमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, चिराग पासवान समेत उत्तर प्रदेश और बिहार के अन्य दिग्गज राजनेता समेत अन्य जगत की हस्तियां भी शादी में शामिल हो सकते हैं.
बनाए गए हेलीपैड
बताया जा रहा है कि अनंत सिंह के गांव में कई हेलीपैड बनाया गया है ताकि मेहमान सीधे गांव में पहुंच सकें. वहीं, दूसरी तरफ शादी के अवसर पर सुरक्षा का भी पुख्ता इंतजाम किया गया है. एक तरफ 300 के आसपास निजी सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं तो प्रशासन ने भी 500 से अधिक पुलिसकर्मी को तैनात किया है. हालांकि बिहार में होने वाली यह अकेले शादी नहीं है जिसकी चर्चा देश भर में हो रही है बल्कि कई अन्य शादियां पहले भी हो चुकी है जिसकी चर्चा दूर दूर तक हुई और आज भी याद की जाती है. यूं तो बिहार में दरभंगा राजघराने की शादियां देश ही नहीं विदेश तक चर्चा का विषय बनती थी लेकिन आधुनिक राजनीतिक समय की बात करें तो आइए हम आपको बताते हैं बिहार की शाही शादियों के बारे में.
पप्पू यादव - रंजीत रंजन की शादी
पूर्णिया के वर्तमान सांसद पप्पू यादव और कांग्रेस की राज्यसभा सांसद रंजिता रंजन की शादी किसी शाही शादी से कम नहीं थी. दोनों की शादी प्रेम विवाह थी. 6 फरवरी 1994 को पूर्णिया में हुई इस शादी के लिए करीब 200 एकड़ जमीन में व्यवस्थाएं की गई थी. उस वक्त रंजिता रंजन का परिवार जालंधर से चार्टर्ड विमान से सीधे पूर्णिया आया था जबकि पप्पू यादव ने हेलीकॉप्टर से अपनी दुल्हन को उतारा था. इतना ही नहीं इस शादी में शामिल होने के लिए तत्कालीन दिग्गज नेता लालू यादव, मुलायम सिंह यादव समेत कई राजनीतिक और फिल्मी दिग्गज हस्ती पूर्णिया पहुंची थीं. कहा जाता है कि इस दौरान पूर्णिया और सीमांचल के लोगों के लिए कई दिनों तक खाने पीने की व्यवस्था की गई थी. इस शादी की एक और खास बात थी कि पप्पू यादव जेल से पैरोल पर शादी करने के लिए आए थे. उस वक्त शहर के सभी गेस्ट हाउस और होटलों को बुक किया गया था. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पप्पू यादव की शादी में करीब एक लाख मेहमान शामिल हुए थे. बारात और समारोह की शान बढ़ाने के लिए गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ-साथ सैकड़ों हाथी और घोड़े भी मंगाए गए थे, जिससे पूरा माहौल किसी राजसी उत्सव जैसा लग रहा था.
मीसा भारती - शैलेश कुमार
तारीख थी 10 दिसंबर 1999, इस दिन बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव तथा तत्कालीन मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की बड़ी बेटी मीसा भारती की शादी शैलेश कुमार के साथ हुई थी. यह शादी भी किसी राजसी समारोह से कम नहीं थी. शादी के बाद आयकर विभाग ने लालू यादव समेत 125 लोगों को नोटिस तक थमा दिया था. हालांकि करीब 4 साल तक चले इस मामले को बंद कर दिया गया. 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में शादी समारोह आयोजित किया गया था लेकिन जगह कम पड़ गई थी और आसपास के तीन बंगलों को जोड़ कर पूरी तैयारी की गई थी. पंडाल और स्टेज को सजाने के लिए कोलकाता से फूल मंगाये गये थे. विवाह में 10 हजार लोगों को आमंत्रित किया था. इस शादी में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार, फिल्म निर्देशक महेश भट्ट, फिल्म अभिनेत्री सायरा बानो, शबाना आजमी जैसी सम्मानित हस्तियों को निमंत्रण पत्र भेजा गया था. वहीं शादी के दिन बताया जा रहा है कि करीब 30 हजार लोग समारोह में शामिल हुए थे.
रोहिणी आचार्य - समरेश सिंह
24 मई 2002 को पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव और तत्कालीन मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की दूसरी बेटी रोहिणी आचार्य की शादी भी काफी चर्चा में रही. यह शादी एक तरफ शाही इंतजामों के लिए चर्चा में रही तो दूसरी तरफ आरोप लगा था कि फर्नीचर और गाड़ियों के शोरूम से जबरन फर्नीचर तथा गाड़ियां उठा ली गई थी. इस शादी में शामिल होने के लिए भी कई दिग्गज राजनेता समेत फिल्मी हस्तियां पटना पहुंची थी. इस शादी के लिए पटना में मुंबई के प्रसिद्ध 'ताजमहल पैलेस होटल' की तर्ज पर एक आलीशान पंडाल का निर्माण किया गया था, जिसकी सजावट के लिए बैंकॉक, कोलकाता और दिल्ली से विदेशी फूल मँगवाए गए थे. समारोह में देश भर से आए वीवीआईपी मेहमानों की सुरक्षा के लिए स्पेशल टास्क फोर्स के कमांडो समेत 300 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था. यह शादी सिर्फ दिग्गज मेहमानों के आने को लेकर चर्चा में नहीं रही थी बल्कि कई गंभीर आरोप लगे थे. इस शादी के दौरान कहा जाता है कि पटना मानो थम सी गई थी, सड़को पर जम उत्पात भी मचाए गए थे.
राजनंदिनी सिंह - पुनीत कुमार
मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बड़ी बेटी राजनंदिनी सिंह की शादी भी काफी चर्चा में रही थी. इस शादी में भी बिहार की कई दिग्गज हस्तियां शामिल हुई थी. इस समारोह की एक खास बात पार्किंग के लिए की गई व्यवस्था थी. पुनीत कुमार ने बाद में मीडिया को बताया था कि उनकी शादी में केवल गाड़ियों की पार्किंग के लिए लगभग चार बीघा जमीन का इस्तेमाल किया गया था. हालांकि 2015 के समारोह में कुल कितने मेहमान आए, कितना खर्च हुआ और कितने बड़े पंडाल बनाए गए, इसका कोई विश्वसनीय सार्वजनिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है.