रांची (RANCHI): राजधानी रांची में बीते दिनों एक ऐसी बिजनेस डील हुई है, जो पूरे झारखंड में चर्चा का केंद्र बन चुकी है. असल में हालही में रांची के रियल एस्टेट बाजार में न्यूक्लियस मॉल की बिक्री हुई है जहां राजधानी के सर्कुलर रोड स्थित इस चर्चित मॉल का सौदा 375 करोड़ रुपये में हुआ है. इस बड़ी प्रॉपर्टी डील से झारखंड सरकार को टैक्स और विभिन्न शुल्कों के रूप में करीब 90 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है. इसे झारखंड के रियल एस्टेट इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी संपत्ति डील में से एक माना जा रहा है. मॉल की बिक्री ने कई सवाल भी खड़े किए हैं जहां सबसे बड़ा सवाल ये है की आखिर न्यूक्लियस मॉल के पूर्व मालिक विष्णु अग्रवाल हैं कौन और उन्होंने क्यों इतनी बड़ी प्रॉपर्टी बेची है?
दरअसल, करीब 1.60 एकड़ जमीन पर बने न्यूक्लियस मॉल की रजिस्ट्री 20 नवंबर को रांची जिला निबंधन कार्यालय में पूरी हुई. मॉल के पूर्व मालिक विष्णु अग्रवाल ने संपत्ति का स्वामित्व वीए डिस्क्रीट प्राइवेट लिमिटेड के नाम हस्तांतरित कर दिया है. इस कंपनी के निदेशक विवेक कुमार सिंह बताए जा रहे हैं. हालांकि, रजिस्ट्री पूरी होने के बाद भी नए खरीदार को मॉल का तत्काल कब्जा नहीं मिलेगा. बैंकिंग और अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 31 मार्च 2027 के बाद मॉल का हैंडओवर होने की संभावना है.
सरकार को मिले 90 करोड़ रुपये
375 करोड़ रुपये के इस सौदे की रजिस्ट्री के दौरान खरीदार पक्ष ने 15 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और 11.25 करोड़ रुपये निबंधन शुल्क के रूप में जमा किए. इस तरह रजिस्ट्री प्रक्रिया से ही राज्य सरकार को 26.25 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ. इसके अलावा सौदे से जुड़े अन्य करों और शुल्कों को मिलाकर सरकारी खजाने में करीब 90 करोड़ रुपये आने की जानकारी दी गई है.
कौन हैं न्यूक्लियस मॉल के पूर्व मालिक विष्णु अग्रवाल?
विष्णु अग्रवाल झारखंड के जाने-माने रियल एस्टेट कारोबारी और डेवलपर हैं. मूल रूप से पश्चिम बंगाल के झालदा के निवासी विष्णु अग्रवाल लंबे समय से रांची में कारोबार कर रहे हैं. उन्होंने अपनी कंपनी आदर्श हाइट्स प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से न्यूक्लियस मॉल का निर्माण कराया था. लालपुर के सर्कुलर रोड स्थित इस मॉल में 12 फरवरी 2017 से व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हुई थीं. उद्घाटन के बाद न्यूक्लियस मॉल धीरे-धीरे रांची के प्रमुख शॉपिंग, मनोरंजन और खान-पान केंद्रों में शामिल हो गया. यहां वर्तमान में 88 दुकानें और 29 कियोस्क संचालित हैं. कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के शोरूम होने के कारण यह मॉल राजधानी के खुदरा कारोबार का अहम हिस्सा बन गया.
विष्णु अग्रवाल पिछले कुछ वर्षों में रांची के चर्चित जमीन घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामलों को लेकर भी सुर्खियों में रहे हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चेशायर होम रोड और सिरमटोली स्थित सेना के कब्जे वाली जमीन से जुड़े कथित फर्जी दस्तावेजों और जमीन की खरीद-बिक्री के मामलों में उनसे पूछताछ की थी. इन मामलों में उनकी गिरफ्तारी और संपत्तियों की जब्ती की कार्रवाई भी सामने आई थी. ऐसे में जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बाद विष्णु अग्रवाल का नाम झारखंड के जमीन कारोबार से जुड़े विवादों में प्रमुखता से चर्चा में रहा है. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो विष्णु अग्रवाल पर कथित तौर पर बैंक के कर्ज चुकाने का दबाव था.
कौन हैं मॉल के नए खरीदार विवेक कुमार सिंह?
न्यूक्लियस मॉल के नए खरीदार विवेक कुमार सिंह वीए डिस्क्रीट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं. कारोबारी चर्चाओं के मुताबिक, उनका संबंध धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह से बताया जाता है. एलबी सिंह कोयला खनन और आउटसोर्सिंग कारोबार से जुड़े प्रमुख व्यवसायियों में गिने जाते हैं. हालांकि, मॉल की खरीद के बाद वास्तविक कब्जा और प्रबंधन में बदलाव बैंकिंग व अन्य प्रक्रियाओं के पूरा होने पर ही होगा.
