टीनपी डेस्क (TNP DESK): आज के दौर में भारत ने साइंस, टेक्नोलॉजी, संचार और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में लंबा सफर तय किया है. आज डिजिटल पेमेंट, यूपीआई और ऑनलाइन बैंकिंग ने लेन-देन को पहले से कहीं ज्यादा आसान बना दिया है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस रुपये का इस्तेमाल हम रोजमर्रा की जिंदगी में करते हैं, उसकी सूरत आज जैसी कैसे बनी? जिस नोट को हम जेब में रखते हैं और जिस सिक्के से छोटी-मोटी खरीदारी करते हैं, उसके पीछे भी सदियों का इतिहास छिपा है.
आज के रंग-बिरंगे नोट, अलग-अलग आकार के सिक्के और उनमें मौजूद आधुनिक सुरक्षा फीचर्स एक दिन में तैयार नहीं हुए. भारतीय मुद्रा ने चांदी और सोने के सिक्कों से लेकर कागज के नोटों और फिर डिजिटल करेंसी तक का सफर तय किया है. इस दौरान कई बार नोटों का रंग, डिजाइन, आकार और मूल्यवर्ग बदला गया. आइए जानते हैं भारतीय नोटों और सिक्कों की इस दिलचस्प यात्रा के बारे में.
छठी BC से शुरू हुआ सिक्कों का सफर
भारत में सिक्कों का इतिहास काफी पुराना है. माना जाता है कि 6th century BC में यहां धातु के सिक्कों का प्रचलन शुरू हुआ था. उस दौर में चांदी और तांबे के सिक्कों का इस्तेमाल व्यापार और लेन-देन के लिए किया जाता था. प्राचीन भारत में पंच-चिह्नित सिक्के काफी प्रचलित थे. बाद के समय में सोने और चांदी के सिक्कों ने भी मुद्रा व्यवस्था में महत्वपूर्ण जगह बनाई. रुपये का नाम संस्कृत के शब्द ‘रूप्यकम्’ से जुड़ा माना जाता है, जिसका अर्थ चांदी से है. शेरशाह सूरी के शासनकाल में चांदी के रुपये को व्यवस्थित रूप दिया गया. उस समय से रुपये की पहचान भारतीय मुद्रा व्यवस्था का अहम हिस्सा बनती चली गई.
ब्रिटिश शासन में हुई कागजी नोटों की शुरुआत
भारत में कागज के नोटों का प्रचलन यूरोपीय व्यापारिक कंपनियों के आने के बाद बढ़ा. उस समय अलग-अलग निजी बैंक अपनी जरूरत के अनुसार नोट जारी करते थे. वर्ष 1770 में बैंक ऑफ हिंदुस्तान ने कागजी मुद्रा जारी की थी. इसके बाद बैंक ऑफ बंगाल, बैंक ऑफ बॉम्बे और बैंक ऑफ मद्रास जैसे संस्थानों ने भी नोट जारी किए. हालांकि, उस समय पूरे देश में एक जैसी मुद्रा व्यवस्था नहीं थी. अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग बैंकों के नोट चलते थे. इस व्यवस्था में बदलाव ब्रिटिश सरकार के 1861 के पेपर करेंसी एक्ट के बाद आया. इस कानून के जरिए नोट जारी करने का अधिकार सरकार ने अपने हाथों में ले लिया. इसके बाद महारानी विक्टोरिया की तस्वीर वाले नोट जारी किए गए. इनकी शुरुआत 10, 20, 50, 100 और 1000 रुपये जैसे मूल्यवर्ग से हुई.
RBI की स्थापना के बाद बदली मुद्रा व्यवस्था
भारतीय मुद्रा के इतिहास में वर्ष 1935 बेहद महत्वपूर्ण रहा. इसी साल भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की स्थापना हुई. इसके बाद नोट जारी करने की जिम्मेदारी धीरे-धीरे केंद्रीय बैंक के हाथों में आ गई. RBI ने वर्ष 1938 में पहली बार अपने नोट जारी किए. इनमें 5 रुपये का नोट सबसे पहले जारी हुआ. इसके बाद 10, 100, 1,000 और 10,000 रुपये के नोट भी जारी किए गए. शुरुआती नोटों पर ब्रिटिश सम्राट की तस्वीर दिखाई देती थी. वर्ष 1944 में नोटों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए वाटरमार्क और सुरक्षा धागे जैसे फीचर्स का इस्तेमाल भी किया गया.
आजादी के बाद नोटों पर दिखी भारत की पहचान
15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ, लेकिन मुद्रा व्यवस्था में बदलाव की प्रक्रिया इसके बाद शुरू हुई. वर्ष 1949 में स्वतंत्र भारत का पहला एक रुपये का नोट जारी किया गया. इस पर ब्रिटिश सम्राट की जगह सारनाथ के अशोक स्तंभ को जगह दी गई. यह बदलाव केवल नोट के डिजाइन में परिवर्तन नहीं था, बल्कि स्वतंत्र भारत की नई पहचान का प्रतीक भी था. इसके बाद भारतीय नोटों पर हिंदी को प्रमुखता दी गई. अलग-अलग मूल्यवर्ग के नोटों के रंग और डिजाइन में भी बदलाव किए गए. वर्ष 1953 में जारी नोटों पर हिंदी में मूल्यवर्ग लिखना शुरू हुआ. आगे चलकर भारतीय कला, संस्कृति, ऐतिहासिक स्मारकों और वैज्ञानिक उपलब्धियों को भी नोटों पर जगह मिलने लगी.
गांधी जी की तस्वीर से लेकर नए रुपये के प्रतीक तक
भारतीय मुद्रा के इतिहास में वर्ष 1996 एक बड़ा पड़ाव साबित हुआ. इसी साल महात्मा गांधी सीरीज के नोट जारी किए गए. इन नोटों पर गांधी जी की तस्वीर को प्रमुखता से स्थान मिला. वर्ष 2005 में इस सीरीज को और बेहतर सुरक्षा फीचर्स के साथ अपडेट किया गया. इसके बाद वर्ष 2011 में भारतीय रुपये को एक नई पहचान मिली. इसी साल रुपये के नए प्रतीक ‘₹’ को अपनाया गया. इससे भारतीय मुद्रा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक अलग पहचान मिली.
नोटबंदी से लेकर 2000 रुपये के नोट की वापसी तक
8 नवंबर 2016 को केंद्र सरकार ने नोटबंदी का ऐलान किया. इसके तहत पुराने 500 और 1000 रुपये के नोटों को चलन से बाहर कर दिया गया. इसके बाद नए डिजाइन और रंगों में 500 और 2000 रुपये के नोट जारी किए गए. साथ ही 200 रुपये का नया नोट भी बाजार में आया. 2000 रुपये का नोट लंबे समय तक चलन में रहने के बाद मई 2023 में RBI ने इसे चलन से वापस लेने की घोषणा की. हालांकि, इसे कानूनी मुद्रा बनाए रखा गया. इस फैसले के साथ भारतीय मुद्रा व्यवस्था में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिला.
आने वाले समय में डिजिटल मुद्रा की बढ़ती भूमिका
आज भारत में 10, 20, 50, 100, 200 और 500 रुपये के नोटों के साथ अलग-अलग मूल्यवर्ग के सिक्के प्रचलन में हैं. वहीं, डिजिटल भुगतान ने लेन-देन का तरीका भी बदल दिया है. UPI के जरिए अब कुछ ही सेकंड में पैसे भेजना और प्राप्त करना संभव हो गया है. इसके अलावा RBI ने डिजिटल रुपये यानी सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं. इस तरह भारतीय मुद्रा का सफर केवल सिक्कों और नोटों के बदलते डिजाइन की कहानी नहीं है, बल्कि यह देश की आर्थिक, राजनीतिक और तकनीकी तरक्की को भी दर्शाता है. चांदी के सिक्कों से शुरू हुई यह यात्रा आज डिजिटल भुगतान तक पहुंच चुकी है. आने वाले समय में रुपये का स्वरूप और कितना बदलेगा, यह देखना दिलचस्प होगा.
