पटना: एक तरफ बिहार सरकार के मुखिया ने पुलिस को खुली छूट देते हुए अपराधियों के साथ सख्ती से निपटने की आजादी दी है तो बीते कई महीनों में पुलिस के कई आलाधिकारियों ने भी अपराधी की भाषा में ही जवाब देने की बात कही. इसका परिणाम है कि राज्य में अपराधियों की शामत ही आ गई. पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और अपराधियों को लगातार सलाखों के पीछे भी पहुंचा रही है. इस बीच पुलिस अब अपराधियों को गोली मारने से भी बाज नहीं आ रही और कार्रवाई के दौरान पुलिस पर हमला करने वाले अपराधियों का एनकाउंटर भी कर रही है. बीते कई महीनों में पुलिस ने कई अपराधियों को मार गिराया तो कई को लंगड़ा बना कर गिरफ्तार भी किया है वहीं हजारों अपराधी गिरफ्तार किए जा चुके हैं. बात करें अगर वर्ष 2026 के जनवरी से अगस्त तक की तो सिर्फ 8 महीने में बिहार की पुलिस ने विभिन्न मामलों के 64 हजार से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है.
8 महीने में 64 हजार गिरफ्तारी
बिहार पुलिस ने अपराध नियंत्रण की दिशा में कार्रवाई करते हुए जनवरी से अगस्त तक में 64477 अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है जिसमें 3758 हत्यारोपी, 576 डकैती के आरोपी, लूट के 1204 आरोपी, एससी एसटी एक्ट के 2620 आरोपी तथा अन्य विशेष प्रतिवेदित 56369 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. इसके साथ ही पुलिस ने इन आठ महीनों में 2809 हथियार तथा 11673 कारतूस भी जब्त किया है. इस संबंध में बिहार पुलिस ने अपराधियों को साफ संदेश दे दिया है कि बिहार में अपराध करने वाले बच नहीं सकते हैं.
790 मनचलों के विरुद्ध भी की गई कार्रवाई
जनवरी से अगस्त महीने तक बिहार की पुलिस ने कई बड़े मामलों का भी खुलासा किया है. इस दौरान पुलिस ने आम लोगों के बीच भी लगातार संदेश दे रही है कि किसी भी आपराधिक गतिविधियों की सूचना हमें दें पुलिस उसके विरुद्ध कार्रवाई करेगी. सीएम सम्राट ने छात्रा और महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी कई कदम उठाए और पुलिस दीदी विंग का गठन किया. पुलिस दीदियों की ड्यूटी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, महिला छात्रावास, सिनेमा हॉल समेत अन्य भीड़भाड़ वाली जगहों पर लगाई गई है जहां मनचलो के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है. पुलिस दीदियों की कार्रवाई में भी अब तक 21 मामले दर्ज किए गए हैं साथ ही 790 मनचलों को सबक सिखाया गया. छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के सीएम सम्राट ने पुलिस दीदियों के बीच 1000 स्कूटी वितरित किया साथ ही पुलिस दीदी एप भी डेवलप किया गया है.
पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि
बीते 8 महीनों में सामान्य कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने कई गिरोहों का भी खुलासा किया और उनके सदस्यों को गिरफ्तार किया है. इसके तहत 18 जून को पुलिस ने समस्तीपुर में कार्रवाई करते हुए 10 नाबालिग लड़की और 29 नाबालिग लड़के समेत कुल 104 लोगों को बंधुआ मजदूरी से मुक्त करवाया तथा 5 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया था. ये लोग सरकारी नौकरी का झांसा देकर जबरन प्राइवेट काम करवाते थे. इसके साथ ही 14 जुलाई को सीतामढ़ी में बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन नया सवेरा के तहत 20 बच्चों को बाल श्रम और बाल तस्करी गिरोह के चंगुल से बचाया गया था.
अवैध गन फैक्ट्री का उद्भेदन
5 जुलाई को पुलिस ने मुजफ्फरपुर में एक युवक के अपहरण की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर 5 घंटे के अंदर अपहृत को बरामद कर लिया था साथ ही एक वाहन के साथ एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया था. पूर्वी चंपारण के चकिया थाना क्षेत्र में चल रहे अवैध गन फैक्ट्री का उद्भेदन करते हुए पुलिस ने 330 पिलेट, 1063 खोखा, 205 जिंदा कारतूस और कारतूस निर्माण में उपयोग किए जाने वाले अन्य सामग्री बरामद किया था. वहीं सितंबर महीने में शिवहर से एकसाथ चार लड़कियों के लापता होने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अंबाला कैंट से बरामद किया था. जबकि 7 सितंबर को मधुबनी के घोघरडीहा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए विभिन्न राज्यों के 62 पासपोर्ट के साथ फर्जी पासपोर्ट और अवैध विदेशी वीजा गिरोह के चार सदस्यों को भी गिरफ्तार किया था.
दर्जनों डकैती के आरोपियों के गिरोह का पर्दाफाश
पूर्वी चंपारण जिले की पुलिस ने 10 सितंबर को ढाका थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला डकैत गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दर्जन भर कांडों के आरोपी 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया था. इनके पास से पुलिस ने करीब साढ़े 15 लाख रुपए नकद, पिस्टल, कारतूस, चरस, मादक पदार्थ एवं जेवरात भी बरामद किया था. वहीं 8 सितंबर को गया जी के रामपुर थाना क्षेत्र में फिरौती के लिए अपहरण किए गए व्यक्ति को सकुशल बरामद करते हुए 3 आरोपियों को भी दबोचा था.
बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अक्सर कहते हैं कि नीतीश कुमार के शासनकाल में सुशासन स्थापित किया गया और अभी भी सुशासन की ही सरकार है. अगर कोई सोचता है कि बिहार में अपराध कर बच जाएगा तो वह गलत है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराधियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि बिहार में रहना है तो अपराध छोड़ दो नहीं तो आपकी जगह जेल में या श्मशान में होगी.