TNP DESK: चेन्नई सुपर किंग्स के युवा बल्लेबाज उर्विल पटेल ने खुलासा किया है कि एस धोनी की एक खास सलाह से उनके बल्लेबाजी का पूरा अंदाज बदल गया है और इस सलाह का असर रविवार को लखनऊ के खिलाफ खेले गए मुकाबले में हम सब ने देखा है.जहां उर्विल कम गेंदो में इतिहास के सबसे तेज अर्धशतक मारने वाले वाले युवा खिलाड़ी बन गए हैं. चेपॉक में खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 13 गेंद में 50 रन जड़ दिए थे जिसमें की लगातार पांच छक्के शामिल थे.
उर्विल इससे पहले भी टीम के लिए आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाज़ी कर रहे थे. उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 12 गेंदों पर 24 रन और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 9 गेंदों पर 17 रन बनाए थे, लेकिन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में सफल नहीं हो पा रहे थे. लगातार छोटी पारियां खेलने के बाद उन्होंने ड्रेसिंग रूम में माही से बातचीत की और अपनी समस्या साझा की. IPL की वेबसाइट से बातचीत में उर्विल ने बताया कि उन्होंने धोनी से पूछा था कि अच्छी शुरुआत मिलने के बावजूद वह लंबे समय तक क्रीज पर टिककर बड़ी पारी क्यों नहीं खेल पा रहे हैं. इस पर धोनी ने उन्हें आत्मविश्वास बनाए रखने और मानसिक रूप से साफ रहने की सलाह दी.
उर्विल ने बताया कि धोनी ने उनसे कहा, “मुझे तुम्हारी स्किल्स पर कोई शक नहीं है. अगर कोई शक है तो वह सिर्फ तुम्हारे दिमाग में है. मैदान पर खुलकर खेलो, सही गेंद को पहचानो और उसे सही दिशा में खेलने की कोशिश करो.” उर्विल के मुताबिक, इस बातचीत ने उनके अंदर का दबाव पूरी तरह खत्म कर दिया. उन्होंने कहा कि धोनी की बातों से उन्हें काफी आत्मविश्वास मिला और वह बिना किसी डर के अपनी नैचुरल बल्लेबाज़ी कर पाए. यही वजह रही कि लखनऊ के गेंदबाज़ों पर उन्होंने शुरुआत से ही हमला बोला और मैदान के चारों तरफ बड़े शॉट लगाए.
रिकॉर्ड अर्धशतक लगाने के बाद उर्विल ने अपनी इस यादगार पारी को अपने पिता को समर्पित किया. उन्होंने कहा कि उनके पिता हमेशा उनकी आक्रामक बल्लेबाज़ी का समर्थन करते हैं और कभी भी रन या असफलता का दबाव नहीं डालते. उर्विल ने कहा, “जब भी मैं जल्दी आउट होता था, तब भी पापा मुझे यही कहते थे कि मुझे तुम्हारी बल्लेबाज़ी देखने में मजा आता है. तुम बस अपने अंदाज़ में खेलते रहो, रन आएं या नहीं उससे फर्क नहीं पड़ता.” उर्विल ने बताया कि उनके पिता का यही भरोसा उन्हें हर मैच में खुलकर खेलने की ताकत देता है. उन्होंने यह भी कहा कि बचपन से ही उनका सपना बड़े मंच पर अपने परिवार का नाम रोशन करना था और चेन्नई के लिए ऐसी पारी खेलना उनके लिए बेहद खास पल बन गया. अब Chennai Super Kings की टीम 15 मई को Lucknow Super Giants के खिलाफ रिवर्स फिक्स्चर में फिर मैदान पर उतरेगी, जहां एक बार फिर उर्विल से धमाकेदार बल्लेबाज़ी की उम्मीद रहेगी.