TNP DESK: लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियन के बीच सोमवार को हुए मुकाबले में एक बार फिर से लखनऊ को हार का सामना करना पड़ा. जिसके बाद के पूर्व क्रिकेटर रोहन गावस्कर और मनोज तिवारी का मानना है कि ऋषभ पंत को कप्तानी से हटाने पर विचार करना चाहिए. उनका ये कहना है की पंत अपने कप्तानी के चलते बल्लेबाजी पर फोकस नहीं कर पा रहे हैं.
पंत की कप्तानी में लखनऊ का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. टीम ने 23 मुकाबलों में सिर्फ 8 जीत दर्ज की हैं और इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की अंक तालिका में सबसे नीचे चल रही है. व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो पंत ने 9 मैचों में 204 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 128.30 और औसत 25.50 रहा है.
क्रिकबज़ पर बातचीत के दौरान गावस्कर ने सुझाव दिया कि टीम को अगले सीजन से पहले पंत की भूमिका पर पुनर्विचार करना चाहिए. उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइज़ी के मालिक संजीव गोयनका पंत को लंबे समय तक टीम का अहम हिस्सा बनाना चाहते हैं, लेकिन कभी-कभी खिलाड़ी को दबाव से मुक्त करना जरूरी होता है. उनके मुताबिक, पंत को कप्तानी से हटाकर सिर्फ बल्लेबाज़ी पर ध्यान देने देना उनके प्रदर्शन के लिए फायदेमंद हो सकता है.
मनोज तिवारी ने भी इस राय का समर्थन करते हुए कहा कि कप्तानी का बोझ पंत के खेल को प्रभावित कर रहा है, इसलिए उन्हें एक विशेषज्ञ बल्लेबाज़ के तौर पर इस्तेमाल किया जाना चाहिए. इसी तरह, वसीम जाफर ने भी सुझाव दिया था कि टीम एडेन मार्करम को कप्तानी सौंप सकती है.
मुंबई के खिलाफ हार के बाद लखनऊ की टीम इस सीजन में प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है, जिससे टीम प्रबंधन पर बड़े फैसले लेने का दबाव और बढ़ गया है.
अब देखना होगा कि टीम प्रबंधन आने वाले मुकाबलों और अगले सीजन को ध्यान में रखते हुए क्या रणनीति अपनाता है. अगर नेतृत्व में बदलाव होता है, तो यह सिर्फ टीम के संतुलन के लिए ही नहीं बल्कि पंत के व्यक्तिगत प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए भी अहम कदम साबित हो सकता है.