TNP DESK: IPL 2026 के बीच अब टीम इंडिया अपने अगले विदेशी दौरे को लेकर चर्चा में है.अगस्त 2026 में भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज खेले जाने की संभावना है.दोनों टीमों के बीच दो मैचों की रेड बॉल सीरीज अगस्त के दूसरे हफ्ते से शुरू हो सकती है. हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक तारीखों का एलान नहीं किया गया है.
मुकाबला 15 अगस्त से 27 अगस्त के बीच आयोजित हो सकते हैं. बताया जा रहा है कि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने इस टेस्ट सीरीज के लिए करीब दो हफ्तों की विंडो तय कर ली है. यह सीरीज मौजूदा ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र का हिस्सा होगी, इसलिए दोनों टीमों के लिए काफी अहम मानी जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, टेस्ट सीरीज लंका प्रीमियर लीग (LPL) खत्म होने के बाद शुरू होगी. LPL का फाइनल 9 अगस्त को प्रस्तावित है. इसके बाद भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर टेस्ट मुकाबले खेल सकती है. वहीं, दौरे में संभावित तीन टी20 मैचों को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है और इस पर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
फिलहाल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी Board of Control for Cricket in India और Sri Lanka Cricket की ओर से सीरीज का पूरा शेड्यूल जारी नहीं किया गया है. माना जा रहा है कि जल्द ही तारीख, वेन्यू और बाकी कार्यक्रम की घोषणा की जा सकती है.
अगर पिछली टेस्ट भिड़ंत की बात करें, तो भारत और श्रीलंका आखिरी बार मार्च 2022 में टेस्ट सीरीज में आमने-सामने आए थे. उस सीरीज में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 2-0 से हराया था. मोहाली टेस्ट में भारत ने एक पारी और 222 रन से बड़ी जीत दर्ज की थी, जबकि बेंगलुरु टेस्ट में भारतीय टीम ने 238 रन से मुकाबला अपने नाम किया था.