TNP DESK: क्या कोई मात्र 14 साल के उम्र में विराट,धोनी और रोहित जैसे दिग्गज क्रिकेटर का रिकॉर्ड तोड़ सकता है? जी हाँ ये कर दिखाया है बिहार के छोटे से शहर समस्तीपुर से निकले वैभव सूर्यवंशी ने वैभव ने एक ही आईपीएल सीज़न में 52 छक्के जड़कर 19 साल के टूर्नामेंट का सबसे बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. किसी भारतीय बल्लेबाज़ द्वारा एक सीज़न में 50 से अधिक छक्के लगाना लगभग असंभव माना जाता था, लेकिन इस युवा खिलाड़ी ने उस असंभव को संभव कर दिखाया.
कल लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में जैसे ही वैभव क्रीज़ पर उतरे, पूरे स्टेडियम का माहौल बदल गया. दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया. कप्तान ऋषभ पंत ने लगभग सभी फील्डरों को बाउंड्री लाइन पर भेज दिया, लेकिन उसके बावजूद गेंद बार-बार स्टैंड में जाकर गिरती रही. कभी लॉन्ग ऑन, कभी मिडविकेट, तो कभी एक्स्ट्रा कवर,वैभव ने मैदान के हर कोने में छक्कों की बारिश कर दी.
सबसे खास बात यह है कि वह महान बल्लेबाज़ क्रिस गेल के विश्व रिकॉर्ड से सिर्फ 7 छक्के पीछे हैं. क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर सीज़न थोड़ा लंबा होता, तो शायद दुनिया का सबसे बड़ा रिकॉर्ड भी टूट जाता.हालांकि, वैभव के पास अभी भी एक मैच बाकी है और वह इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल कर सकते हैं.
वैभव की ताकत सिर्फ उनके शॉट्स में नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी दिखाई देती है. उनके बल्ले में वह आग है, जो हर गेंदबाज़ की रणनीति को बेअसर कर देती है. जब उन्होंने अपना 50वां छक्का लगाया, तो पूरा स्टेडियम “वैभव… वैभव…” के नारों से गूंज उठा. कॉमेंटेटर अपनी सीटों से खड़े हो गए, पूर्व खिलाड़ी हैरान रह गए और सोशल मीडिया पर सिर्फ एक ही नाम ट्रेंड करने लगा , वैभव सूर्यवंशी.
52वें छक्के के बाद वह पल इतिहास बन गया, जब ड्रेसिंग रूम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. विरोधी टीम के मालिक ने भी खड़े होकर उनके खेल की सराहना की. साथी खिलाड़ियों ने उनका हौसला बढ़ाया और करोड़ों भारतीयों को लगा कि उन्होंने क्रिकेट का नया युग अपनी आंखों के सामने देख लिया है.
इस रिकॉर्ड के बाद दुनिया भर के गेंदबाज़ों ने अपनी रणनीति बदल दी. किसी ने यॉर्कर डाली, किसी ने बाउंसर फेंकी, तो किसी ने धीमी गेंद का सहारा लिया. लेकिन वैभव ने हर गेंद का जवाब छक्के से दिया.उनकी बल्लेबाज़ी में सिर्फ ताकत ही नहीं, बल्कि शानदार टाइमिंग भी देखने को मिलती है. वह गेंद को इतनी सफाई से हिट करते हैं कि कई बार फील्डर सिर्फ गेंद को आसमान में जाते हुए देखते रह जाते हैं.
यह सीज़न वैभव सूर्यवंशी अपनी पूरी जिंदगी नहीं भूल पाएंगे. नई पीढ़ी को एक नया सुपरस्टार मिल चुका है. कई बल्लेबाज़ 40 या 45 छक्कों तक पहुंचे, लेकिन 50 छक्कों का आंकड़ा पार करना हर किसी के बस की बात नहीं थी. यही वजह है कि यह रिकॉर्ड सिर्फ बड़ा नहीं, बल्कि ऐतिहासिक बन गया है.
आने वाले वर्षों में जब क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाज़ों की चर्चा होगी, तो वैभव सूर्यवंशी का नाम सबसे ऊपर लिया जाएगा. उनकी तस्वीरें क्रिकेट अकादमियों में लगाई जाएंगी और युवा खिलाड़ी उन्हें अपना आदर्श मानेंगे.
वैभव ने दुनिया को दिखा दिया कि रिकॉर्ड सिर्फ किताबों में नहीं बनते, बल्कि जुनून, मेहनत और आत्मविश्वास से बनाए जाते हैं.जब कोई खिलाड़ी अपने सपनों के लिए पूरी ताकत लगा देता है, तो इतिहास भी उसके सामने झुक जाता है.
REPORT: RATAN VERMA