टीएनपी डेस्क (TNP DESK): तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख C. Joseph Vijay ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की सत्ता संभाल ली है. विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए उनकी पार्टी 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जिसके बाद सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार गठन का रास्ता साफ हुआ.
शपथ ग्रहण समारोह में कई बड़े राजनीतिक चेहरे मौजूद रहे. कांग्रेस नेता Rahul Gandhi की मौजूदगी ने इस राजनीतिक घटनाक्रम को और खास बना दिया. टीवीके को कांग्रेस, भाकपा, माकपा, वीसीके और आईयूएमएल जैसे दलों का समर्थन मिला, जिसके बाद विजय ने बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए सरकार बनाने का दावा पेश किया.
राज्यपाल से मुलाकात के बाद विजय को औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया. साथ ही उन्हें 13 मई तक विधानसभा में विश्वास मत साबित करने का निर्देश दिया गया है. नई सरकार के गठन के बाद राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनने लगे हैं और समर्थक इसे बदलाव की राजनीति का संकेत मान रहे हैं.
कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर समेत कई सहयोगी दलों के नेताओं ने विजय को बधाई देते हुए इसे तमिलनाडु में नई शुरुआत बताया है. सहयोगी दलों का कहना है कि नई सरकार सामाजिक न्याय, युवाओं के विकास और पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता देगी.
फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए विजय की लोकप्रियता चुनाव में साफ दिखाई दी. अब जनता की नजर उनकी सरकार के कामकाज पर टिकी है. राज्य के लोग नई सरकार से बेहतर प्रशासन, रोजगार, विकास और जनहित से जुड़े फैसलों की उम्मीद कर रहे हैं.