टीएनपी डेस्क (TNP DESK): असम की राजनीति में एक बार फिर हिमंत बिस्वा सरमा का दबदबा देखने को मिला है. “मामा” के नाम से लोकप्रिय हिमंत बिस्वा सरमा ने लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. गुवाहाटी में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में उत्साह का माहौल देखने को मिला और समर्थकों में जबरदस्त जोश नजर आया.
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने हिमंत बिस्वा सरमा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. उनके साथ चार विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की. समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री विशेष रूप से मौजूद रहे.
शपथ ग्रहण के दौरान पूरे कार्यक्रम स्थल पर भाजपा समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी रही. हिमंत सरमा के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई और लोगों ने इसे असम में विकास और स्थिरता की जीत बताया. भाजपा ने हालिया विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोबारा सत्ता हासिल की है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा ने राज्य में संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर मजबूत पकड़ बनाई है. अब नई सरकार से लोगों को विकास, रोजगार और बेहतर कानून व्यवस्था की उम्मीद है.