News

Gen-Z के विरोध प्रदर्शन में क्यों लहराया जा रहा है 'वन पीस' का पायरेट फ्लैग? जानिए इसका मतलब

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
Gen-Z के विरोध प्रदर्शन में क्यों लहराया जा रहा है 'वन पीस' का पायरेट फ्लैग? जानिए इसका मतलब

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ सीजेपी यानी कॉकरोच जनता पार्टी का NEET पेपर लीक के विरोध का प्रदर्शन अब पूरे देशभर में देखने को मिल रहा है. हर तरफ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग हो रही है. हालांकि, इस दौरान आंदोलन में एक खास झंडा काफी चर्चा का विषय बना हुआ है, जो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है. काले रंग के इस झंडे पर एक समुद्री डाकू का सिर बना हुआ है, जिसने खास टोपी पहन रखी है. वहीं, इसके पीछे क्रॉस का निशान भी बना हुआ है. इस झंडे का इस्तेमाल आजकल Gen-Z खासकर विरोध प्रदर्शनों में कर रही है. केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के अलग-अलग देशों में भी प्रदर्शन के दौरान Gen-Z बड़ी संख्या में इस झंडे के साथ विरोध प्रदर्शन करती नजर आती है. अब सभी के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर यह झंडा किस पार्टी, संस्था या धर्म से जुड़ा हुआ है. तो चलिए, हम आपको इस झंडे के बारे में बताते है.

 जानिए इसका मतलब

आपको बता दें कि यह झंडा किसी देश, संगठन, राजनीतिक दल या धर्म का नहीं है. बल्कि यह जापानी एनीमे और मंगा सीरीज One Piece के मुख्य किरदार Monkey D. Luffy के दल Straw Hat Pirates का Pirate Flag है. अब आपके मन में यह सवाल उठ रहा होगा कि आखिर आंदोलन में इसका इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है. तो आपको बता दें कि One Piece केवल मनोरंजन के लिए बनाई गई सीरीज नहीं मानी जाती. इसे देखने और पसंद करने वाले लोग इसे आजादी, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और सत्ता के दुरुपयोग का विरोध करने के प्रतीक के रूप में भी देखते है. क्योंकि इस सीरीज का मुख्य किरदार और उसके साथी अन्याय के खिलाफ लड़ते है और सत्ता का गलत इस्तेमाल करने वालों का विरोध करते है.वही लोगों को आजादी दिलाने की कोशिश करते हैं. यही वजह है कि इस झंडे को स्वतंत्रता और अन्याय के खिलाफ संघर्ष के प्रतीक के रूप में माना जाता है.

दुनिया के अलग-अलग छात्र प्रदर्शन में हुआ है इस्तेमाल

आपको बता दें कि केवल भारत ही नहीं, बल्कि हाल के कुछ महीनों में एशिया और यूरोप के कई देशों में हुए छात्र आंदोलनों के दौरान भी One Piece के Pirate Flag का इस्तेमाल किया गया. प्रदर्शनकारियों का मानना है कि यह सीरीज किसी काल्पनिक समुद्री डाकू संस्कृति का समर्थन नहीं करती. बल्कि One Piece की कहानी यह संदेश देती है कि सत्ता से सवाल पूछना, अपने अधिकारों के लिए खड़ा होना और स्वतंत्र सोच रखना जरूरी है. यही वजह है कि Gen-Z के आंदोलन में इस झंडे का इस्तेमाल किया जा रहा है. आज के समय में Gen-Z की बड़ी आबादी एनीमे, गेमिंग और इंटरनेट से जुड़ी हुई है. यही कारण है कि पारंपरिक राजनीतिक प्रतीकों की जगह ऐसे सांस्कृतिक प्रतीकों का इस्तेमाल करने पर युवा उनसे जल्दी जुडते और उनके बात को आसानी से समझते है.

सोशल मीडिया पर तेजी से इस झंडे का वीडियो वायरल हो रहा है

हालांकि, यहां एक बात ध्यान रखने की जरूरत है कि One Piece का Pirate Flag किसी भी राजनीतिक दल या आधिकारिक आंदोलन का प्रतीक नहीं है. दुनिया भर में अलग-अलग आंदोलनों में युवा इसका इस्तेमाल अपनी अभिव्यक्ति, आजादी और अन्याय के खिलाफ विरोध के प्रतीक के रूप में करते है. इन दिनों भारत में चल रहे NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान भी बड़ी संख्या में छात्र इस झंडे का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसकी वजह से यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.