टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बीते दिनों देश में कई ऐसी घटनाएँ हुई जिसके बाद पुरुषों के लिए महिलाओं को खतरा बताया जा रहा है. अब राजा रघुवंशी की करें या केतन की. इन घटनाओं में या तो मंगेतर या तो पत्नी ने पुरुषों को इतनी दर्दनाक मौत दी है, जिससे मर्द समाज में डर का माहौल बन गया है. ऐसे में सोचिए कि जब आए दिन इस तरह की घटनाएँ हर रोज सुबह अखबार की सुर्खियां बन रही है इसी बीच एक वीडियो वायरल हो जिसका नाम है "How to Kill Men". दरअसल इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवती मेट्रो में आराम से किताब पढ़ती नजर आती है, लेकिन जैसे ही कैमरा किताब के कवर पर जाता है, उस पर लिखा दिखता है, How to Kill Men. बस फिर क्या था, कुछ ही घंटों में यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया. किसी ने इसे मजाक बताया, किसी ने ट्रेंडिंग स्टंट, तो कुछ लोगों ने इसे हाल के चर्चित मामलों से जोड़कर देखना शुरू कर दिया. लेकिन क्या इस किताब का नाम ही इसकी पूरी कहानी है? आइए जानते हैं वायरल वीडियो के पीछे की पूरी सच्चाई.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवती मेट्रो में बैठकर एक अंग्रेजी किताब पढ़ती दिखाई देती है, लेकिन किताब का शीर्षक लोगों को चौंका देता है. वीडियो सामने आने के बाद हजारों लोगों ने इस पर अपनी-अपनी राय दी. कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में लिखा, "अब अगला कौन?" वहीं कुछ लोगों ने कहा कि किताब के नाम से निष्कर्ष निकालना सही नहीं है और पहले इसकी कहानी समझनी चाहिए.
ऐसे में जिस किताब को लेकर इतना हंगामा मचा, उसका पूरा नाम "How to Kill Men and Get Away With It" है. यह एक अंग्रेजी उपन्यास है, जिसे कैटी ब्रेंट (Katy Brent) ने लिखा है. इसका ई-बुक संस्करण वर्ष 2022 में प्रकाशित हुआ था, जबकि पेपरबैक संस्करण 2023 में बाजार में आया. यह किताब ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है. नाम भले ही चौंकाने वाला हो, लेकिन यह कोई अपराध सिखाने वाली गाइडबुक नहीं है. यह एक मनोवैज्ञानिक थ्रिलर (Psychological Thriller) है, जिसमें डार्क कॉमेडी और व्यंग्य का भी मिश्रण है. इस शैली की कहानियां किसी अपराध की तकनीक बताने के बजाय पात्रों की मानसिक स्थिति, भावनाओं, डर और सामाजिक परिस्थितियों पर केंद्रित होती हैं. कहानी के दौरान पाठक लगातार यह सोचता रहता है कि क्या सच है और क्या केवल पात्र की कल्पना.
किताब की लेखिका कैटी ब्रेंट पहले पत्रकार रह चुकी हैं. लॉकडाउन के दौरान उन्होंने अपने लेखन के शौक को गंभीरता से अपनाया और उसके बाद लगातार कई सफल किताबें लिखीं. वर्ष 2022 से 2026 के बीच उनके कई उपन्यास प्रकाशित हो चुके हैं. उनकी नई किताब "To All the Men I've Killed Before" भी चर्चा में रही है. उनकी रचनाएं मुख्य रूप से डार्क ह्यूमर, सामाजिक व्यंग्य और रोमांचक कथानक के लिए जानी जाती हैं.
इस वायरल वीडियो के सामने आने का समय भी चर्चा का विषय बन गया. हाल के कुछ चर्चित आपराधिक मामलों के कारण सोशल मीडिया पर महिलाओं और पुरुषों की सुरक्षा को लेकर बहस पहले से ही जारी थी. ऐसे माहौल में इस किताब का शीर्षक लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचने में सफल रहा. कई लोगों ने इसे हालिया घटनाओं से जोड़कर देखा, जबकि अन्य यूजर्स ने स्पष्ट किया कि किसी उपन्यास के शीर्षक के आधार पर उसके उद्देश्य का आकलन करना उचित नहीं है.
असलियत यह है कि "How to Kill Men and Get Away With It" एक काल्पनिक कहानी पर आधारित उपन्यास है. इसका उद्देश्य किसी को हिंसा के लिए प्रेरित करना नहीं है. इसके जरिए लेखिका समाज में महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न, भेदभाव और हिंसा जैसे मुद्दों पर व्यंग्यात्मक अंदाज में सवाल उठाती हैं. किताब का शीर्षक भले ही सनसनीखेज हो, लेकिन इसकी कहानी सामाजिक संदेश और मनोरंजन के मिश्रण के रूप में प्रस्तुत की गई है. यही वजह है कि मेट्रो में एक युवती के हाथ में यह किताब दिखते ही इंटरनेट पर बहस छिड़ गई. इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सोशल मीडिया के दौर में कई बार किसी किताब का शीर्षक उसकी पूरी कहानी से ज्यादा तेजी से वायरल हो जाता है.