☰
News

काम की खबर: अब घर बैठे मिनटों में स्मार्टफोन से अपडेट हो सकता है आपका Address, जानें कौन-से दस्तावेज होंगे जरूरी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): नौकरी, कारोबार या पढ़ाई के सिलसिले में अगर आपने अपना शहर या घर बदल लिया है, तो नए पते को आधार कार्ड में अपडेट कराना भी जरूरी है. अक्सर लोग इस काम के लिए आधार केंद्रों के चक्कर लगाते हैं और समय बर्बाद करते हैं. लेकिन अब इस परेशानी से राहत मिल सकती है. आप अपने स्मार्टफोन की मदद से घर बैठे आधार कार्ड में नया पता अपडेट करने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. इसके लिए आधार एप की सुविधा उपलब्ध है.

हालांकि, आधार में पता बदलने के लिए कुछ जरूरी नियमों का पालन करना होता है. सबसे अहम है नए पते के प्रमाण के तौर पर वैध दस्तावेज उपलब्ध कराना. UIDAI की ओर से निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक को अपलोड कर आप एड्रेस अपडेट के लिए आवेदन कर सकते हैं. आइए जानते हैं कि इसके लिए कौन-कौन से दस्तावेज मान्य हैं और आवेदन करने का पूरा तरीका क्या है.

आधार में पता अपडेट कराने के लिए इन दस्तावेज़ों की पड़ेगी जरूरत?
* वोटर आईडी कार्ड
* भारतीय पासपोर्ट
* ड्राइविंग लाइसेंस
* राशन कार्ड
* मनरेगा जॉब कार्ड
* फोटो और बैंक की मुहर वाली पासबुक
* पोस्ट ऑफिस पासबुक
* जीवन बीमा पॉलिसी

बिजली बिल से लेकर रेंट एग्रीमेंट तक होंगे मान्य
* तीन महीने से अधिक पुराना नहीं होने वाला बिजली का पोस्टपेड बिल
* पानी का पोस्टपेड बिल
* गैस कनेक्शन का बिल
* टेलीफोन का पोस्टपेड बिल
* रजिस्टर्ड रेंट एग्रीमेंट
* सेल डीड
* एक साल से पुरानी नहीं होने वाली प्रॉपर्टी टैक्स रसीद
* UIDAI के निर्धारित फॉर्मेट में जारी प्रमाणित पत्र

स्मार्टफोन से कैसे बदलें आधार कार्ड का पता?
अगर आपके पास नए पते का वैध प्रमाण मौजूद है, तो ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया काफी आसान है. इसके लिए सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में आधार एप खोलें. इसके बाद एड्रेस अपडेट के विकल्प पर जाएं. यहां नए पते से संबंधित सभी जरूरी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरें.

जानकारी दर्ज करने के बाद संबंधित वैध दस्तावेज की साफ स्कैन कॉपी या फोटो अपलोड करें. आवेदन जमा करने से पहले भरी गई जानकारी और दस्तावेजों को एक बार अच्छी तरह जांच लें, ताकि किसी तरह की गलती न रह जाए.

पता अपडेट कराने के लिए कितना देना होगा शुल्क?
दस्तावेज अपलोड करने और आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद UIDAI के निर्धारित नियमों के अनुसार 75 रुपये का ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा. इसके बाद आपका आवेदन सत्यापन के लिए भेज दिया जाएगा. दस्तावेजों की जांच सफल होने पर आधार कार्ड में नया पता अपडेट कर दिया जाएगा. इस तरह आप बिना आधार केंद्र जाए घर बैठे ही अपने आधार कार्ड में एड्रेस अपडेट कराने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.