News

काम की बात : अब आधार सेंटर के चक्कर लगाने की झंझट खत्म ! घर बैठे ही बन जाएगा आपके लाडलो का आधार, जानिए कैसे

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
काम की बात : अब आधार सेंटर के चक्कर लगाने की झंझट खत्म ! घर बैठे ही बन जाएगा आपके लाडलो का आधार, जानिए कैसे

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): आज भारत के 90% लोगों के पास अपना आधार कार्ड है.आधार कार्ड की जरूरत अब किसी को बताने की भी जरूरत नहीं रह गई है. सभी लोग जानते हैं कि इसके बिना आपका जीवन काफी मुश्किल हो जाएगा.स्कूल में एडमिशन, कॉलेज में एडमिशन, बैंक में खाता खुलवाना, सरकारी योजनाओं का लाभ लेना और कई ऐसी जरूरी जगहें हैं, जहां आधार कार्ड के बिना आपका काम नहीं चल पाता है.एक तरफ जहां बड़ों का आधार कार्ड जरूरी है, वहीं छोटे बच्चों का भी आधार कार्ड काफी जरूरी है.अगर आपके घर में भी 5 साल से कम उम्र के बच्चे हैं और उनका आधार कार्ड आप बनवाना चाहते हैं, लेकिन अब तक नहीं बन पाया है, तो आपको आधार कार्ड बनवाने के लिए आधार केंद्र का चक्कर लगाना पड़ता था. लेकिन अब इसकी जरूरत नहीं है. भारतीय डाक विभाग की खास सुविधा के तहत अब आप अपने घर बैठे ही बच्चों के आधार कार्ड के लिए आवेदन कर सकते है. कैसे, चलिए हम आपको पूरी जानकारी देते है.

ब्लू कार्ड आखिर होता क्या है ?

सबसे पहले तो आपको यह जानना जरूरी है कि बाल आधार कार्ड यानी ब्लू कार्ड आखिर होता क्या है. आपको बता दें कि यह कार्ड 5 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए बनवाया जाता है. इसकी खास बात यह है कि बच्चों के बायोमेट्रिक की जरूरत नहीं होती है. इसमें आधार संख्या बच्चे की जनसांख्यिकीय जानकारी और माता-पिता के आधार से लिंक होती है.ब्लू आधार कार्ड भी यूआईडीएआई की ओर से ही जारी किया जाता है. हालांकि, भले ही इसमें फिंगरप्रिंट और आईरिस स्कैन नहीं लिया जाता है, लेकिन आधार कार्ड की पूरी प्रक्रिया होती है.यदि आप भी अपने लाडले का आधार कार्ड बनवाना चाहते हैं तो पूरी प्रक्रिया शुरू करने से पहले जान लीजिए.

अब कहीं जाने की जरूरत नहीं है

ब्लू आधार कार्ड बनवाने के लिए सबसे पहले आपको गूगल प्ले स्टोर से Postinfo ऐप डाउनलोड करना होगा.इसे इंस्टॉल करने के बाद ओपन कर लेना है. इसके बाद आपको service request विकल्प पर जाना है, जहां आपका नाम, पता, मोबाइल नंबर जैसी जरूरी जानकारी मांगी जाएगी, उसे भरना होगा.इसके बाद दिखाई देगी, आपको IPPB सेवा का विकल्प चुनना है.इतना करने के बाद आपको Child Aadhar enrollment पर क्लिक करना है.जहां आपके फोन पर ओटीपी आएगा.उसे दर्ज करने के बाद आपका आवेदन सबमिट हो जाएगा.प्रक्रिया पूरी होने के बाद डाक विभाग की ओर से कर्मचारी खुद आपके घर आएंगे और बच्चे के आधार कार्ड नामांकन की पूरी प्रक्रिया को पूरा करेंगे.

इन जरूरी दस्तावेजों की पड़ती है जरुरत

अपने बच्चे का ब्लू आधार कार्ड बनवाने के लिए कुछ जरूरी दस्तावेजों की जरूरत पड़ती है, जिसमें बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, माता-पिता का आधार कार्ड, माता-पिता द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला मोबाइल नंबर और इसके साथ कई अन्य जरूरी जानकारी शामिल होती है, जो आवेदन के समय दी जाती है.

इन जरुरी बातो को रखे ध्यान

ब्लू आधार कार्ड बनवाने के लिए आपको कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा.इसमें ध्यान रखें कि बच्चा 5 साल से कम उम्र का हो. 5 साल की उम्र पूरी होने के बाद बच्चे का बायोमेट्रिक अपडेट करवाना जरूरी होता है.वहीं, जब बच्चा 15 साल का हो जाता है, तब भी एक बार बायोमेट्रिक अपडेट करवाया जाता है, ताकि आगे जाकर कोई परेशानी न हो.यानी अब आपको आधार केंद्र के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है.अब घर बैठे ही आपको यह सुविधा मिल जाएगी.