☰
Trending

खिलौने से खेलने के उम्र में किस ओर जा रहे बच्चे,क्लास रूम में केजी की छात्रा को पीट-पीट कर किया अधमरा, देखिए Video

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क(TNP DESK):  आपने ‘बच्चे मन के सच्चे’ गाना तो सुना ही होगा. आमतौर पर बच्चों को मासूम और भोला माना जाता है. हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा अच्छे स्कूल में पढ़े, अच्छी शिक्षा मिले, और एक बेहतर इंसान बने. बच्चों का शरारत करना भी आम बात है, लेकिन हरियाणा के पंचकूला से सामने आई एक घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां एक तीसरी कक्षा के छात्र ने KG में पढ़ने वाली छह साल की बच्ची के साथ ऐसी बेरहमी की, जिसे देखकर लोग हैरान हैं. बच्चा उस छह साल की बच्ची के साथ ऐसी बर्बरता करते नजर आ रहा है जैसे वो किसी खिलौने को बर्बाद कर रह हो. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है. सीसीटीवी में कैद इस घटना करीब 96 सेकेंड बताई जा रही है.

कहां का है पूरा मामला?

यह घटना हरियाणा के पंचकूला स्थित एक प्रसिद्ध स्कूल की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, स्कूल में पढ़ने वाले करीब आठ साल के तीसरी कक्षा के छात्र ने छह साल की KG की छात्रा पर हमला कर दिया. आरोप है कि उसने बच्ची को बेंच पर सिर के बल पटका, बाल पकड़कर जमीन पर घसीटा और लात-घूंसों से हमला किया. इतना ही नहीं, उसने ईंट उठाकर बच्ची के सिर और चेहरे पर भी कई बार वार किए. यह पूरी घटना क्लासरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.

96 सेकेंड तक बच्ची पर करता रहा हमला

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, छात्र ने पहले बच्ची का सिर बेंच पर पटका. इसके बाद उसे नीचे गिराकर सिर और पेट पर लात मारी. फिर वह क्लासरूम से ईंट उठाकर लाया और बच्ची के सिर और चेहरे पर वार करने लगा. बच्ची दर्द से रोती रही, लेकिन छात्र ने हमला जारी रखा. आखिर में वह बच्ची को घायल अवस्था में छोड़कर वहां से चला गया.

बच्ची को खून से लथपथ देख बेहोश हुए पिता

घटना का पता उस समय चला, जब स्कूल की छुट्टी के बाद ऑटो चालक बच्ची को लेने पहुंचा, लेकिन वह नहीं मिली. इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की. बच्ची के चाचा के मुताबिक, हमलावर छात्र ने ही बताया कि बच्ची ऊपर के कमरे में पड़ी है. वहां पहुंचने पर पिता ने बेटी को खून से लथपथ देखा और बेहोश हो गए. बच्ची को पहले अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया. परिवार के मुताबिक, बच्ची की हालत में कुछ सुधार है.

शिक्षा मंत्री ने बनाई जांच कमेटी

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने भी सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद घटना पर चिंता जताई है. उन्होंने मुख्यालय स्तर पर जांच कमेटी गठित करने का निर्देश दिया है. मंत्री के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी. अब इस मामले में जांच के नतीजों का इंतजार है.

अब आगे क्या ?

इस घटना के बाद आए इस वीडियो ने सबको झकझोर कर रख दिया है. एक बच्चे द्वारा की गई यह घटना कोई सपने में भी नहीं सोच सकता. सबके मन में यही सवाल उठ रहा की आखिर तीसरी क्लास के छात्र में इतना गुस्सा कैसे आया. और सबसे जरूरी स्कूल व्यवस्था पर सवाल उठने लगे है. ऐसे में अब देखना होगा की इस मामले को लेकर प्रशासन क्या करती है और आगे इसको लेकर क्या कार्रवाई होती है.