Trending

शौहर के बाहर जाते ही मकान मालिक के साथ पत्नी उड़ाती थी गुलछर्रे, राज खुला तो पति को ही पिला दी तेजाब, फिर....

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): दुनिया में पति-पत्नी का रिश्ता सबसे पवित्र होता है. यह रिश्ता प्यार और अटूट विश्वास पर टिका होता है पर इन दिनों ऐसी घटनाएँ सामने आई है जिससे न सिर्फ रिश्तों पर से बल्कि इंसानियत पर से भी भरोसा उठ जाएगा. ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश से सामने आया है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है.

दरअसल उत्तर प्रदेश के बरेली में एक महिला पर अपने ही पति को तेजाब पिलाने का आरोप लगा है. गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए शख्स की इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि महिला ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. बताया जा रहा है कि मृतक ने कुछ समय पहले अपनी पत्नी को मकान मालिक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था. इसके बाद से ही दंपती के बीच विवाद बढ़ गया था.

मामला बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा इलाके का बताया जा रहा है. मृतक की पहचान इसराइल के रूप में हुई है. करीब 13 साल पहले उसकी शादी गौसिया से हुई थी. परिवार के मुताबिक, शादी के शुरुआती वर्षों में दोनों के बीच संबंध सामान्य रहे, लेकिन बाद में घरेलू विवाद बढ़ने लगा. विवाद के बाद परिवार में बंटवारा हुआ और इसराइल को भी हिस्सा मिला. इसके कुछ समय बाद वह परिवार से अलग होकर किराए के मकान में रहने लगा.

परिजनों के मुताबिक, इसराइल को अपनी पत्नी और मकान मालिक सलीम के बीच कथित संबंधों की जानकारी हुई. परिवार का दावा है कि एक दिन इसराइल ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था. इस घटना के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा. परिजनों के अनुसार, उसने तनाव में आत्महत्या करने की कोशिश भी की थी, लेकिन समय रहते परिवार के लोगों ने उसे बचा लिया. मृतक की मां बारिशा का आरोप है कि इस घटना के बाद परिवार और समाज में बदनामी का डर बढ़ गया था. उनका दावा है कि इसी वजह से बहू ने कथित तौर पर सलीम के साथ मिलकर इसराइल को रास्ते से हटाने की साजिश रची. आरोप है कि इसी योजना के तहत उसे तेजाब पिला दिया गया.

तेजाब पीने के बाद इसराइल की हालत बिगड़ गई. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति लगातार गंभीर बनी रही. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मौत से पहले इसराइल ने पुलिस को अपना बयान भी दिया था. पुलिस अब इस बयान और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को जांच का हिस्सा बना रही है.

सीओ आशुतोष शिवम के मुताबिक, अस्पताल की ओर से पुलिस को मेमो मिला था, जिसमें एक व्यक्ति की तेजाब पीने से मौत की सूचना दी गई. मृतक की पहचान इसराइल के रूप में हुई. पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी पर अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर उसे तेजाब पिलाने का आरोप लगाया गया है. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. साथ ही मृतक के बयान, परिजनों के आरोप और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इसराइल को तेजाब कैसे और किन परिस्थितियों में पिलाया गया और इस घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे.