टीएनपी डेस्क (TNP DESK): पति-पत्नी के रिश्ते को लोग इतना पवित्र मानते हैं कि जैसे दोनों दो जिस्म एक जान हों. पर क्या आपने कभी ये सोचा है कि एक पत्नी जो अपने पति के लंबी उम्र के लिए इतने व्रत, पूजा-पाठ करती है, वही अपने पति की हत्यारण बन बैठे.
ऐसा ही एक मामला सामने आया है असम के जोरहाट जिले के मरियानी इलाके से जहां एक 31 वर्षीय युवक की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी गई है. पुलिस के मुताबिक, पड़ोसी की पत्नी के साथ कथित संबंधों को लेकर पैदा हुए विवाद के बाद युवक को मौत के घाट उतारा गया है. आरोप है कि हत्या के बाद उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया. वहीं मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. मृतक की पहचान अनिल राजगढ़ के रूप में हुई है. वह मरियानी क्षेत्र स्थित ग्रीनव्यू टी एस्टेट में रहता था. पुलिस के अनुसार, अनिल 7 सितंबर को अचानक लापता हो गया था. काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने मरियानी थाने में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी की जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस को भोगदोई नदी के आसपास एक शव होने की सूचना मिली. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अनिल का सड़ा-गला शव बरामद किया. प्रारंभिक जांच में आरोप है कि अनिल पर पहले धारदार ब्लेड से हमला किया गया और बाद में दाव से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया. पुलिस ने इस मामले में कपिल कर्मकार, उसकी पत्नी अनिमा कर्मकार, कपिल के छोटे भाई संजीत कर्मकार और उनके दोस्त महेश राजगढ़ को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, अनिल पिछले कुछ समय से अनिमा कर्मकार के संपर्क में था. जांच में सामने आया कि अनिमा ने कथित तौर पर अनिल को चाय बागान क्षेत्र में मिलने के लिए बुलाया था. पुलिस का दावा है कि वहां कपिल और उसके तीन अन्य सहयोगी पहले से मौजूद थे. आरोप है कि मौके पर विवाद बढ़ने के बाद अनिमा ने अनिल पर ब्लेड से हमला किया. इसके बाद कपिल, संजीत और महेश भी कथित तौर पर मारपीट में शामिल हो गए. पुलिस के अनुसार, चारों ने मिलकर उसकी हत्या की और फिर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की.
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने शव को एक बोरे में रखा. इसके बाद उसे घसीटकर भोगदोई नदी के किनारे ले जाया गया, जहां कथित तौर पर शव को दफना दिया गया. जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी के घर से एक दाव भी बरामद किया है, जिसके वारदात में इस्तेमाल किए जाने का संदेह है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार की है. हालांकि, मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि अदालत में होने वाली कानूनी प्रक्रिया के दौरान होगी.
चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. इनमें हत्या, आपराधिक साजिश और सबूत मिटाने से जुड़े प्रावधान शामिल हैं. अनिल के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा चुका है और पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य सबूतों तथा घटनाक्रम की कड़ियों की जांच कर रही है. असम की इस घटना के बीच ओडिशा के देवगढ़ से भी हाल में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया था, जहां पुलिस के अनुसार प्रेमिका के घर पहुंचे युवक की हत्या के बाद शव को कथित तौर पर वहीं जला दिया गया था.
