☰
Trending

सात समंदर पार भी कायम छठ की आस्था, इंग्लैंड से अमेरिका-कनाडा तक गूंजे छठी मैया के गीत

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): आप भले की सात  समंदर पार चले जाए लेकिन अपने देश कि मिट्टी हमेशा याद रहती है. यह मिट्टी कभी भूली नहीं जा सकती. आज 16 नवंबर को देशभर में धूम धाम से लोक आस्था का महापर्व छठ मनाया गया. बिहार और उत्तर प्रदेश से शुरुआत हुई इस महापर्व ने आज देश के कोने कोने तक अपनी श्रद्धा और आस्था का भाव पहुंचा दिया है. आज छठ को कोई धार्मिक नजरिए से नहीं देखता बल्कि आज हर कोई वो चाहे कोई भी धर्म का हो, यह पर्व पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाता है. बता दें, छठ महापर्व अपने परिवार की सुख समृद्धि के लिए करते है,  कई लोग संतान की चाह में करते है तो कई लोगों के अपनी मन्नत होती है जिसे वो पूरे विश्वास के साथ पूजा करते है.

ऐसे में देश के कोने कोने में छठ महापर्व बस चुका है तो विदेश कैसे पीछे रहता. आज देश के साथ साथ विदेश में छठ महापर्व का डंका बजते हुए दिखाई दे रहा है. अमेरिका हो या कन्नाडा, यूरोप हो या इंग्लैंड आज हर जगह छठ की गीतों से गूंज उठा है. गोरतलब है की कई लोग ऐसे है जो घर से दूर विदेश में रहकर पढ़ाई और जॉब कर रहे है. विदेश में परिवार बसा लिया है , वैसे लोग अपने घर से दूर दूसरे घर में छठ धूम धाम से मना रहे है. वैसे लोग अपनी संस्कृति और अपनी मिट्टी से जुड़े रहते है. आज भारतीय भले ही विदेश में रह रहे हो लेकिन आज भी छठ वही उत्साह के साथ मनाते है जैसे वो भारत में मनाते आए है.

भारत से दूर लेकिन अपनी मिट्टी के करीब

आज भारत से हजारों मील दूर रहने वाले प्रवासी भारतीयों के दिलों में भी लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर उतनी ही श्रद्धा और उत्साह है, जितना बिहार, झारखंड और देश के दूसरे हिस्सों में देखने को मिलता है. अपनी मिट्टी और घर-परिवार से दूर रहने के बावजूद प्रवासी भारतीय अपनी परंपरा और संस्कृति को भूले नहीं हैं. यही वजह है कि इंग्लैंड, अमेरिका और कनाडा समेत कई देशों में छठ महापर्व पूरे विधि-विधान और पारंपरिक तरीके से मनाया जा रहा है. कहीं मंदिर के तालाब को छठ घाट का रूप दिया गया है, तो कहीं झीलों और नदियों के किनारे व्रती भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर रहे हैं.

अमेरिका में मंदिर के तालाब और झीलों पर सजे छठ घाट

अमेरिका के अलग-अलग शहरों में रहने वाले बिहार और झारखंड के प्रवासी परिवारों ने छठ पूजा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. ह्यूस्टन के पास रोसेनबर्ग स्थित जगन्नाथ हिंदू मंदिर का तालाब छठ आयोजन का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. यहां स्थानीय भारतीय परिवार, दानदाता और स्वयंसेवक मिलकर पूजा की तैयारियों में जुटे हैं. मंदिर परिसर में तालाब के आसपास छठ घाट तैयार किया गया है, जहां व्रती पारंपरिक तरीके से पूजा कर रहे हैं.

इसी तरह कैलिफोर्निया की झीलों और वाशिंगटन के वर्जीनिया उपनगर में पोटोमैक नदी के किनारे भी छठ पूजा के आयोजन किए जा रहे हैं. प्रवासी भारतीय परिवारों ने सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की हैं. पूजा में नई पीढ़ी के बच्चे भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. इससे उन्हें अपनी पारिवारिक परंपराओं और भारतीय संस्कृति को करीब से समझने का मौका मिल रहा है.

इंग्लैंड में ठंड के बीच 15 व्रतियों ने किया छठ

इंग्लैंड के हांस्लो में भी छठ महापर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला. यहां 15 व्रतियों ने पूरे विधि-विधान से छठ पूजा की. आयोजन में दो हजार से अधिक प्रवासी भारतीय और स्थानीय लोग शामिल हुए. भारतीय दूतावास के अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे. कड़ाके की ठंड के बावजूद व्रतियों की आस्था और श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ. पारंपरिक सूप, फल, ठेकुआ और पूजा सामग्री के साथ व्रतियों ने भगवान सूर्य की आराधना की. इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने दिखाया कि विदेश में भी छठ केवल पूजा नहीं, बल्कि समुदाय को जोड़ने वाला बड़ा पर्व बन चुका है.

कनाडा में भी परंपरा को सहेज रहे प्रवासी परिवार

कनाडा में रहने वाले भारतीय परिवार भी छठ महापर्व को पूरे उत्साह के साथ मना रहे हैं. स्थानीय स्तर पर भारतीय समुदाय के लोग मिलकर पूजा स्थल तैयार करते हैं. जहां प्राकृतिक जलस्रोत उपलब्ध हैं, वहां नदी और झीलों के किनारे अर्घ्य देने की व्यवस्था की जाती है. वहीं, कई जगहों पर सामुदायिक स्तर पर अस्थायी घाट तैयार किए जाते हैं.

नई पीढ़ी तक पहुंच रही भारतीय संस्कृति

विदेशों में छठ पूजा का आयोजन सिर्फ धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है. यह प्रवासी भारतीयों के लिए अपनी जड़ों से जुड़े रहने और बच्चों को अपनी संस्कृति से परिचित कराने का माध्यम भी बन गया है. सात समंदर पार रहने के बावजूद छठ के गीत, पारंपरिक प्रसाद और सूर्य उपासना की परंपरा लोगों को अपने गांव और घर की याद दिलाती है. यही वजह है कि विदेशों में भी छठ की रौनक हर साल बढ़ रही है.