टीएनपी डेस्क (TNP DESK): किसी भी चौक-चौराहे पर अगर कोई ट्राफिक पुलिस दिख जाए, तो हम उनसे किनारा करना ज्यादा पसंद करते हैं. पर हालही में हुई इस घटना में थार चालक ने किनारा करने के बजाय ट्रैफिक पुलिसकर्मी का ऐसा हाल किया, जिसे देख आपके भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे. थार चालक ने पहले ट्रैफिक पुलिसकर्मी को पहले बोनस से टक्कर मारी और फिर कुछ दूर तक कर्मी को घसीटता रहा. पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हुई है.
दरअसल, घटना महाराष्ट्र के बारामती से सामने आई है जहां अवैध फैंसी नंबर प्लेट लगी SUV को रोकने पर चालक ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद पुलिसकर्मी गाड़ी के बोनट पर जा गिरे, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ा दिया और कई फीट तक घसीटता हुआ मौके से फरार हो गया. घटना में पुलिसकर्मी दत्तात्रय भोसले घायल हो गए हैं. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है.
नंबर प्लेट की तस्वीर लेने के दौरान मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, ट्रैफिक पुलिसकर्मी दत्तात्रय भोसले अन्य पुलिसकर्मियों के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर काली महिंद्रा थार पर पड़ी, जिस पर अवैध फैंसी नंबर प्लेट लगी हुई थी. पुलिसकर्मियों ने वाहन को रोककर कार्रवाई करने का निर्णय लिया. दत्तात्रय भोसले नंबर प्लेट की तस्वीर लेकर ई-चालान जारी करने की प्रक्रिया में थे.
बोनट पर गिरे पुलिसकर्मी, चालक ने नहीं रोकी गाड़ी
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि पुलिसकर्मी थार के सामने खड़े होकर नंबर प्लेट की फोटो ले रहे हैं. इसी दौरान चालक ने अचानक वाहन आगे बढ़ा दिया. गाड़ी की टक्कर से भोसले बोनट पर गिर पड़े. इसके बावजूद चालक ने SUV नहीं रोकी और पुलिसकर्मी को कई फीट तक घसीटते हुए आगे बढ़ गया. इसके बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
आरोपी चालक के खिलाफ गंभीर मामला दर्ज
घटना के बाद घायल पुलिसकर्मी दत्तात्रय भोसले को हाथ-पैर में चोटें आई हैं. मामले में बारामती शहर पुलिस स्टेशन में थार चालक धीरज शेडगे के खिलाफ हत्या के प्रयास और सरकारी कामकाज में बाधा डालने समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है.
