☰
Trending

काला जादू के शक में मां के साथ किया ऐसा काम,पहले बेरहमी से पीटा, फिर पेट्रोल छिड़क कर.....

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): कहते हैं कि एक मां का कर्ज कभी बच्चे नहीं उतार सकते, पर बच्चों का यह नैतिक धर्म है कि वह अपनी मां की इज्जत करें उनका सम्मान करें. पर इस घटना में बेटे ने अपनी मां के मान-सम्मान की बात तो दूर, उसकी जान तक को नहीं बख्शा है. बेटे को शक था की उसकी मां काला जादू करती है. इसी शक पर पहले बेटे ने मां की बेरहमी से पिटाई की और फिर उसपर डीजल डालकर उसे जिंदा जला दिया. 

दरअसल मामला तेलंगाना के मेडक जिले का है जहां काला जादू करने के संदेह में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी ही मां को आग के हवाले कर दिया. इस दर्दनाक घटना में 40 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है. मां और बेटे के रिश्ते को झकझोर देने वाली इस घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं. पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मृतका की पहचान सयम्मा के रूप में हुई है, जो मेडक जिले के टेकमल मंडल अंतर्गत एलुपेटा गांव की रहने वाली थीं. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 21 वर्षीय दुर्गेश के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्गेश को अपनी मां पर काला जादू करने का शक था. इसी आशंका को लेकर मां-बेटे के बीच विवाद होने की बात सामने आई है. आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने अपनी मां पर डीजल डाल दिया और आग लगा दी. आग की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गईं और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

स्थानीय निवासी के. करे अशोक के मुताबिक, सयम्मा की मौत उनके घर में हुई. उन्होंने बताया कि परिवार में विवाद के बाद दुर्गेश ने कथित तौर पर अपनी मां पर डीजल डालकर उन्हें आग लगा दी. घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई. परिवार के भीतर इस तरह की हिंसक वारदात सामने आने से ग्रामीणों में हैरानी और आक्रोश का माहौल है.

घटना के बाद मृतका के शव को जोगीपेट स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां अस्पताल प्रशासन को सौंप दिया गया. वहीं, सूचना मिलने पर टेकमल पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी दुर्गेश को हिरासत में ले लिया. पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे काला जादू करने का संदेह और पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक वारदात की पूरी वजह की पुष्टि नहीं की है. जांच अधिकारियों का प्रयास है कि मां-बेटे के बीच विवाद की असली वजह और घटना के समय की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और मामले में विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है.