टीएनपी डेस्क (TNP DESK): लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार, प्रशासन और ना जाने समाज के कितने संगठनों द्वारा कितने पहल किए गए हैं. पर इतनी जद्दोजहद के बावजूद भी अखबार के पन्नों में या न्यूज चैनलों में इस तरह की खबरें नजर आती हैं, तो यह सवाल उठना लाज़मी ह कि क्या ये सुरक्षा के दावे सिर्फ कागजी हैं? लड़कियों की आबरू और सुरक्षा पर सवाल उठाता एक और मामला प्रकाश में आया है जहां कथित तौर पर युवती के साथ 6 लोगों ने दरिंदगी की है. पर उन लड़कों की हैवानियत यहीं तक नहीं रुकी और उन्होंने कथित तौर पर युवती के प्राइवेट पार्ट में प्लास्टिक का डंडा डालने की कोशिश की है.
मामला जुड़ा है मध्य प्रदेश के उज्जैन से जहां इंदौर की रहने वाली 20 वर्षीय युवती ने अपने इंस्टाग्राम दोस्त और उसके साथियों पर चलती कार में यौन उत्पीड़न, मारपीट और नशीला पदार्थ पिलाने का आरोप लगाया है. युवती का दावा है कि इस घटना में कुल छह लोग शामिल थे. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश की जा रही है. पुलिस के अनुसार, युवती की कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए उज्जैन निवासी चक्रेश जैन से दोस्ती हुई थी. दोनों पहले भी एक-दो बार मिल चुके थे. इसी बीच चक्रेश ने युवती को मिलने के लिए उज्जैन बुलाया था. युवती बस से उज्जैन पहुंची, जहां मेघदूत होटल के पास चक्रेश अपने एक साथी के साथ कार लेकर मिला.
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि मुलाकात के दौरान चक्रेश ने उसे कॉफी पीने के लिए दी, जिसमें कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाया गया था. कॉफी पीने के बाद उसे चक्कर आने लगे. इसके बाद चक्रेश और उसका साथी उसे कार में घुमाने लगे. कुछ देर बाद कार में चार अन्य युवक भी आ गए. पीड़िता का आरोप है कि कार में उसके साथ जबरदस्ती की गई, मारपीट की गई और यौन हिंसा की गई. उसने निजी अंगों में प्लास्टिक का पाइप डालने का भी गंभीर आरोप लगाया है. युवती के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी उसे इंदौर में अरविंदो अस्पताल के पास एक ऐसी जगह छोड़कर फरार हो गए, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं थे.
युवती ने रात करीब 9 बजे अपने नाबालिग भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी. इसके बाद उसका भाई अरविंदो अस्पताल पहुंचा. दोनों वहां से उज्जैन के नानाखेड़ा थाने पहुंचे, जहां रात करीब 12 बजे युवती ने शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा. ऐसे में पुलिस के मुताबिक, युवती की शिकायत के आधार पर चक्रेश जैन और एक अन्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि मेडिकल जांच में युवती के निजी अंगों पर चोट के निशान नहीं मिले हैं. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश करने के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है.
