टीएनपी डेस्क (TNP DESK): इंसानियत को शर्मसार करने वाला ऐसा मामला सामने आया है जहां महज 3 साल की बच्ची घटना का शिकार हो चुकी है. यहां कथित तौर पर तंत्र-मंत्र के कारण एक 3 साल की बच्ची की हत्या कर दी गई है.
मामला जुड़ा है उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से जहां तीन साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया. सुबह से लापता बच्ची का शव देर रात उसके घर से महज 40 मीटर की दूरी पर एक किराये के कमरे से बरामद किया गया. घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अवंती नगर भूड़ की है. मामले में तंत्र-मंत्र से जुड़े पहलू की भी जांच की जा रही है. बच्ची की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर विरोध जताया.
पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर को बच्ची के लापता होने की सूचना मिली थी. बताया गया कि बच्ची सुबह करीब 11 बजे से घर से गायब थी. सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू कर दी. काफी खोजबीन के बाद देर रात बच्ची का शव रोहताश राजपूत के मकान में किराये पर रहने वाली महिला सोनाली के कमरे से मिला. शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
तंत्र-मंत्र के एंगल से भी जांच
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए बच्ची की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. शुरुआती जांच में मुंह दबाकर बच्ची की जान लेने की आशंका सामने आई है. वहीं, घटनास्थल से जुड़े तंत्र-मंत्र के पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है. हालांकि, इन आशंकाओं की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. बच्ची की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
दिल्ली रोड पर जाम, आरोपी महिला हिरासत में
बच्ची का शव मिलने की जानकारी जैसे ही परिजनों को मिली, उनका गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर हंगामा किया और मामले में कार्रवाई की मांग की. सूचना मिलने पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली.
पुलिस ने किराये के कमरे में रहने वाली महिला सोनाली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. बच्ची के शव का पंचायतनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है.
