टीनपी डेस्क (TNP DESK): सरकार योजनाएं इसलिए बनाती है, ताकि जनता को उसकी जरूरत की बुनियादी सुविधाएं मिल सकें. लेकिन ऐसे में सवाल उठता है कि अगर भारत का भविष्य कहे जाने वाले बच्चों को ही उनकी जरूरी सुविधाएं और पौष्टिक भोजन नहीं मिल पाएगा, तो उनके बेहतर भविष्य की कल्पना कैसे की जा सकती है? ताजा मामला भी कुछ ऐसा ही है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ बच्चों को मिड-डे मील के नाम पर ऐसा खाना परोसा जा रहा है, जिसे देखकर हैरानी होती है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ बच्चे जमीन पर बैठे हैं और एक महिला उन्हें खाना परोस रही है. खाने की तस्वीर देखकर उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है की सब्जी के नाम पर बच्चों की थाली में उबले हुए आलू परोसे जा रहे हैं, जबकि दाल के नाम पर पीले रंग का पानी नजर आ रहा है. हालांकि, अंडे बच्चों की थाली में जरूर परोसे जा रहे हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इसी तरह सरकारी स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाई जा रही है?
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिड-डे मील योजना शुरू की गई थी. इसका मकसद बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित करना, कुपोषण दूर करना और उन्हें संतुलित आहार देना है. लेकिन जब इसी योजना के तहत बच्चों को मिलने वाले भोजन की तस्वीरें सामने आती हैं, तो सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठने लगते हैं.
थाली में दाल के नाम पर पीला पानी, सब्जी के नाम पर आल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ बच्चे स्कूल यूनिफॉर्म पहने जमीन पर बैठे दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान एक महिला बर्तन लेकर बच्चों के बीच पहुंचती है और उनकी थालियों में खाना परोसती नजर आती है. वीडियो में दाल के नाम पर पीले रंग का पानी जैसा तरल पदार्थ दिखाई दे रहा है, जिसमें आलू के कुछ टुकड़े भी नजर आते हैं. वहीं, सब्जी के नाम पर बच्चों को उबले हुए आलू के टुकड़े दिए जा रहे हैं. वीडियो में एक दूसरी महिला बच्चों की थालियों में अंडा परोसती भी दिखाई देती है.
वीडियो में दिख रहे भोजन को लेकर सोशल मीडिया पर लोग नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि बच्चों को मिलने वाले भोजन में पौष्टिकता और गुणवत्ता का ध्यान रखा जाना चाहिए. हालांकि, यह वीडियो किस राज्य और किस स्कूल का है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में घटना की सही जानकारी और संबंधित स्कूल की पहचान सामने आना भी जरूरी है
सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल, जांच की मांग
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं. यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि बच्चों के भोजन की गुणवत्ता की निगरानी आखिर कौन करता है? क्या संबंधित अधिकारी नियमित रूप से स्कूलों का निरीक्षण करते हैं? भोजन बनाने और परोसने की जिम्मेदारी संभालने वालों की जवाबदेही तय क्यों नहीं होती? आखिर सवाल सिर्फ एक थाली में परोसे गए खाने का नहीं है, बल्कि उन बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य का है, जिनके बेहतर कल के लिए सरकार योजनाएं बनाती है. देश का भविष्य कहे जाने वाले बच्चों को अगर स्कूल में ही पौष्टिक भोजन नहीं मिल पा रहा है, तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है.
