टीएनपी डेस्क (TNP DESK): महिला सुरक्षा पर कितनी ही दलील दी जाती है. हर दूसरा इंसान इसी की बात करते नजर आता है कि आखिर कैसे घर की बहु बेटियों को सुरक्षित रखा जाए. इतनी जद्दोजहद के बाद भी महिला सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल है कि आखिर महिलायें कहां तक सुरक्षित हैं. इसी कड़ी में सुरक्षा को एक बार फिर सवालों के घेरे में खड़ा करता एक और मामला सामने आया है जहां एक और बेटी टुकड़ों में मिली है.
मामला आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से जुड़ा है जहां एक महिला की हत्या हुई है. पुलिस के अनुसार, पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद एक कसाई ने कथित तौर पर महिला की हत्या कर दी. आरोप है कि हत्या के बाद शव के कई टुकड़े किए गए और उन्हें विजयवाड़ा की एक नहर में फेंक दिया गया. पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
मामला इब्राहिमपटनम इलाके से सामने आया, जहां पुलिस को एक अज्ञात महिला का शव मिला था. शुरुआती जांच में महिला की पहचान नहीं हो सकी. इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी सार्वजनिक की और सोशल मीडिया के माध्यम से भी मृतका की पहचान कराने की कोशिश की. इसी दौरान महिला के परिजन सामने आए. उन्होंने शव के हाथ पर बने टैटू की मदद से उसकी पहचान कल्याणी के रूप में की. पहचान की पुष्टि के बाद पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाया. जांच के दौरान पुलिस को कल्याणी के संबंधों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी मिली. इसी क्रम में पुलिस भवानीपुरम निवासी शफी तक पहुंची. शफी मटन की छोटी दुकान चलाता है और पुलिस के मुताबिक कल्याणी से उसकी करीबी जान-पहचान थी. जांच में दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद की बात सामने आई.
पुलिस के अनुसार, शफी कल्याणी को भवानीपुरम स्थित अपने घर लेकर गया था. वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद शफी ने चाकू से कल्याणी पर हमला किया और उसका गला रेत दिया. पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई गई. जांच एजेंसियों को शक है कि हत्या के बाद शव के करीब नौ टुकड़े किए गए. इसके बाद शफी ने अपनी मटन की दुकान पर काम करने वाले गुरुवलु की मदद ली. दोनों ने कथित तौर पर शव के अवशेषों को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर ठिकाने लगाने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, शव के टुकड़ों को गोलापुड़ी इलाके की कूलिंग नहर में फेंके जाने की आशंका है.
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि कल्याणी का एक बेटा था. पुलिस इस पुराने विवाद के पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है. फिलहाल पुलिस ने शफी और गुरुवलु को हिरासत में लिया है. दोनों से पूछताछ कर उनकी कथित भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस हत्या के पीछे के वास्तविक कारण, वारदात में इस्तेमाल हथियार और शव को नहर तक पहुंचाने के तरीके की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा.
